[Hindi] उत्तर भारत के मैदानी भागों में छाए बादल, चंडीगढ़, अंबाला, बरेली, अमृतसर में आज से हो सकती है वर्षा

March 14, 2018 3:00 PM | Skymet Weather Team

Updated on March 14, 2018: उत्तर भारत के मैदानी भागों में छाए बादल, चंडीगढ़, अंबाला, बरेली, अमृतसर में कल से हो सकती है बारिश

उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में लंबे समय से मौसम शुष्क बना हुआ है। आज शाम से कुछ बारिश होने के संकेत मिल रहे हैं। इस बीच पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में बुधवार की सुबह से ही बादल दिखाई दे रहे हैं। इस समय मध्य पाकिस्तान से उत्तरी हरियाणा और इससे सटे पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक एक ट्रफ विकसित हो गई है। इसके प्रभाव से बादल बने हैं। अनुमान है कि पंजाब, उत्तरी हरियाणा और इससे सटे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ भागों में आज शाम से बादलों की गर्जना, तेज़ हवाएँ चलने और गरज के साथ-साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है।

राजधानी दिल्ली में भी सुबह से कुछ बादल दिखे जिससे मौसम सुहावना रहा। हालांकि दोपहर में धूप ने फिर से अपना असर दिखाया और गर्मी कल के स्तर पर ही पहुँच गई है। अगले 2-3 दिनों के दौरान यहाँ बादल बने रह सकते हैं लेकिन बारिश के आसार कम हैं।

उत्तरी पाकिस्तान के पास बना पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर के करीब पहुँच गया है। इसके प्रभाव से बना हुआ चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान पर है। इन मौसमी सिस्टमों के चलते उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की बारिश होने के संकेत दिखाई दे रहे हैं। गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।

अनुमान है कि पश्चिमी पंजाब, पश्चिमी हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में 15 मार्च को बारिश देखने को मिल सकती है। जबकि उत्तर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में 16 मार्च को कुछ स्थानों पर गतिविधियां संभावित हैं। राजस्थान में एक-दो स्थानों पर धूलभरी आँधी भी चल सकती है। मार्च में प्री-मॉनसून सीज़न शुरू हो गया है। इसमें गरज वाले बादल बनने की संभावना बढ़ जाती है। यह बादल किसी क्षेत्र विशेष में धूलभरी आँधी का कारण बनते हैं।

मौसम विशेषज्ञों की नज़र में 15 और 16 मार्च को चंडीगढ़, अंबाला, चुरू, हिसार, गंगानगर, मुरादाबाद, बरेली, नजीबाबाद, अमृतसर और गुरदासपुर में उत्तर भारत के प्रमुख शहर होंगे जहां इस दौरान बारिश हो सकती है। दूसरी ओर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इससे सटे शहरों में आंशिक बादल छाएंगे। इस दौरान एक-दो स्थानों पर बादलों की गर्जना होने के आसार हैं। लेकिन दिल्ली को पिछले दिनों की तरह ही छिटपुट बूँदाबाँदी से संतोष करना पड़ेगा। यही नहीं हो सकता है इस बार भी पूरी तरह से मौसम शुष्क बना रहे।

[yuzo_related]

उत्तर भारत के मैदानी भागों में 15 और 16 मार्च को बादल छाने और छिटपुट जगहों पर हल्की बारिश होने के चलते दिन के तापमान में 3-4 से डिग्री सेल्सियस की कमी देखने को मिल सकती है। इन सभी भागों में 17 मार्च से मौसम फिर से साफ हो जाएगा जिससे पारा ऊपर का रुख करेगा और गर्मी भी बढ़ेगी।

Image credit: AwaxNews

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES