[Hindi] पश्चिमी राजस्थान में हल्की वर्षा के आसार

January 11, 2016 6:04 PM | Skymet Weather Team

बीते कई दिनों से राजस्थान में मौसम शुष्क बना हुआ है। राज्य के अधिकांश भागों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर चल रहा है। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के दूसरे राज्यों की तरह राजस्थान में भी अन्य वर्षों के मुक़ाबले दिन और रात के तापमान सामान्य से काफी अधिक बने हुए हैं। बीते लंबे समय से राजस्थान में बारिश बारिश की गतिविधियां भी नहीं हुई है और लगभग सभी जिलों में मौसम शुष्क बना हुआ है।

हालांकि उत्तर भारत के पास से गुजर रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान पर 12 जनवरी को एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित होने की संभावना है जिससे राज्य के पश्चिमी हिस्सों में कुछ बारिश देखने को मिल सकती है। राज्य के पश्चिमी इलाकों में कुछ जगहों पर बारिश की गतिविधियां होंगी जबकि मध्य और दक्षिण जिलों में बादल छाए रहेंगे लेकिन मौसम शुष्क होगा।

राजस्थान पर बनने वाले इस सिस्टम के प्रभाव से गुजरात, राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में सुबह के तापमान में बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं। बारिश का यह दौर सर्दियों में राज्य में होने वाली यह पहली बारिश होगी। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि वर्तमान परिदृश्य में अगर बारिश होती है तो यह फसलों के लिए फायदेमंद होगी क्योंकि बारिश के चलते मिट्टी में नमी का स्तर बढ़ जाएगा। यह मौसमी सिस्टम 13 जनवरी को पूर्वी दिशा में आगे निकलेगा, उसके बाद राज्य मौसम साफ हो जाएगा।

राज्य के कई हिस्सों में सर्द उत्तर-पश्चिमी हवाएँ चलेंगी जिसके प्रभाव से सुबह का तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। आमतौर पर इस समय तक राज्य के कुछ भागों में तापमान इतना नीचे चला जाता है कि बर्फ जमने लगती है लेकिन इस बार ऐसा देखने को नहीं मिल रहा है। वर्तमान सर्दी ऋतु में 14 दिसम्बर एकमात्र ऐसा दिन था जब चुरू में न्यूनतम तापमान गिरकर 0.4 डिग्री पर पहुँचा था।

Image Credit:

 

 

OTHER LATEST STORIES