[Hindi] इंदौर, भोपाल और जयपुर में जल्द होगी बारिश, ख़त्म होगा शुष्क मौसम का दौर

February 5, 2018 3:25 PM | Skymet Weather Team

मध्य प्रदेश और राजस्थान में लोगों को लंबे समय से बारिश का इंतज़ार है। सर्दियों में दोनों राज्यों में आमतौर पर ना के बराबर बारिश हुई। अब यहाँ लोगों की शिकायत जल्द ही दूर होने की संभावना है। दोनों राज्यों में 23-24 दिसम्बर के बाद बारिश के लिए स्थितियाँ अब अनुकूल बन रही हैं।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान के पश्चिमी और मध्य हिस्सों पर कल तक एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हो सकता है। इसके प्रभाव से अरब सागर से उठने वाली आर्द्र हवाएँ राजस्थान और मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों पर पहुंचेगी जिससे मौसम में बदलाव दिखाई देगा।

मौसम की स्थिति में इस परिवर्तन के चलते राजस्थान के पूर्वी और मध्य भागों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की वर्षा की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। जयपुर, कोटा, सीकर, सवाई माधोपुर, अलवर, अजमेर सहित आसपास के अन्य जिलों में गरज के साथ बौछारें दर्ज की जाएंगी। गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।

इन भागों में बारिश देने के बाद राजस्थान पर बना मौसमी सिस्टम धीरे-धीरे पूर्वी दिशा में बढ़ेगा जिससे मध्य प्रदेश में भी मौसम में बदलाव आएगा। अनुमान है कि राज्य के मध्य और पश्चिमी भागों में 6 और 7 फरवरी को बादलों की गर्जना के साथ बौछारें गिरेंगी। इस दौरान मध्य प्रदेश के मध्य भागों पर ही मौसम की विशेष सक्रियता संभावित है और इंदौर, उज्जैन, भोपाल सहित आसपास के स्थानों पर वर्षा दर्ज की जाएगी।

इससे पहले मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर चल रहे हैं। आने वाले 2-3 दिनों के दौरान आर्द्र हवाएँ बढ़ेंगी और बादल छाएंगे जिससे रात के तापमान में और वृद्धि हो सकती है। इसके विपरीत राजस्थान और मध्य प्रदेश में इन्हीं कारणों से दिन के तापमान में कुछ गिरावट होने का अनुमान है।

मध्य प्रदेश में 6 और 7 फरवरी के बाद बारिश का एक और झोंका 11 और 12 फरवरी को भी आ सकता है।

Image credit: Rediff.com

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES