Skymet weather

[Hindi] भीषण लू से देश के कई भागों में जनजीवन प्रभावित

April 17, 2016 7:08 PM |

Heat wave in India देश के अधिकांश इलाके भीषण लू की चपेट में हैं। दक्षिण में जहां तेलंगाना में लोग बुरी तरह से जारी गर्मी से परेशान वहीं उत्तर में इसने हिमाचल प्रदेश को भी नहीं छोड़ा है। हिमाचल प्रदेश के भी कई इलाकों में लू का प्रकोप देखा जा रहा है। मध्य भारत से लेकर उत्तर भारत के कई भागों में दिन के समय तेज़ लू चल रही है।

दिल्ली, आगरा, इलाहाबाद, खजुराहो, चुरूऔर श्रीगंगानगर सहित अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा है जिससे दिन के समय लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।

प्रायद्वीपीय भारत में भी स्थितियाँ बेहतर नहीं हैं। तेलंगाना, विदर्भ और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है। बारिश ना होने और तेज़ धूप के लगातार कई दिनों से बने रहने के चलते तापमान में निरंतर बढ़ोत्तरी हो रही है।

अधिकांश इलाकों में पारा 45 डिग्री के आसपास पहुँच रहा है। बांकुरा में तापमान बढ़ते हुए 46 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया जा चुका है और हर दिन 45 डिग्री के आसपास तापमान बना हुआ है। निजामाबाद में 44.9 डिग्री, दिल्ली के पालम में 44 डिग्री, रांची में 41.6 डिग्री, नागपुर में 44.6 डिग्री, चुरू में 44.2 डिग्री, जयपुर में 41.5 डिग्री और भोपाल में 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

देश के पूर्वी राज्यों, मध्य भारत के कुछ हिस्सों और प्रायद्वीपीय भारत में जल्द किसी विशेष मौसमी हलचल की संभावना नहीं है जिसके चलते इन भागों में भीषण रूप से जारी गर्मी से फिलहाल राहत की उम्मीद कम ही है।

हालांकि उत्तर भारत में आए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान धूलभरी आँधी चलने और मेघगर्जना होने की संभावना है। इस दौरान दिल्ली सहित मैदानी भागों में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और छिटपुट बूँदाबाँदी भी हो सकती है जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।

Image credit: indianexpress

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try