[Hindi] कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में भारी बर्फबारी के साथ विदा होगी जनवरी; फरवरी का आगाज भी खराब मौसम के साथ

January 29, 2019 6:43 PM|

Snowfall-in-shimla_Hindustan Times 600

पहाड़ों पर बारिश के लिए मौसम फिर से पूरी तैयारी कर चुका है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू कश्मीर के करीब पहुंच गया है, जिसके कारण पहाड़ों पर बादल दिखाई देने लगे हैं। कुछ इलाकों में घने बादल छाए हुए हैं। शिमला, कुल्लू, नाहन और भद्रवाह जैसे इलाकों में एक-दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिली है। बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे जोर पकड़ेंगी।

अनुमान है कि जम्मू कश्मीर तथा हिमाचल प्रदेश में आज से बादलों का जमघट बढ़ जाएगा और ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी भी शुरू हो जाएगी। हालांकि बारिश और बर्फबारी कुछ ही इलाकों में सीमित रहेगी। कल तीनों पहाड़ी प्रदेशों में कुछ स्थानों पर जबकि 31 जनवरी को अधिकांश जगहों पर भारी बारिश और बर्फबारी होने की आशंका है। मौसम में तेज़ उठापटक के चलते ऊंचे पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और हिमस्खलन की आशंका जताई जा रही है। बारिश और बर्फबारी रुक-रुक कर 4 फरवरी तक जारी रहेगी।

माना जा रहा है कि 30 जनवरी से 4 फरवरी के बीच जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित पहाड़ी राज्यों में अनेक सड़कें बंद हो सकती हैं। अगले कुछ दिनों के दौरान गुलमर्ग, लेह, कारगिल, केलोंग, कुल्लू, मनाली, शिमला, केदारनाथ, बद्रीनाथ सहित कई इलाके बुरी तरह से प्रभावित होंगे जिससे इन भागों में रेल, रोड और हवाई यातायात प्रभावित रहेगा।

कश्मीर में अक्तूबर से ही अच्छी बारिश हो रही है। लेकिन हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश सामान्य से ऊपर पहुंची जनवरी में। तीनों राज्यों में जनवरी में अब तक हुई बारिश के आंकड़ों पर नज़र डालें तो जम्मू कश्मीर में 1 से 28 जनवरी के बीच सामान्य से 58% अधिक 135 मिलीमीटर बारिश हुई है। हिमाचल प्रदेश में 4% अधिक 88 मिलीमीटर और उत्तराखंड में 67% अधिक 45 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अगले 3 दिनों के दौरान बारिश के कारण इन आंकड़ों में और उछाल देखने को मिलेगा।

कहाँ है शून्य से नीचे पारा

इस बीच उत्तर भारत के सभी पहाड़ी राज्यों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। शिमला और श्रीनगर सहित अधिकांश शहरों में भीषण शीतलहर चल रही है। 29 जनवरी को लेह में शून्य से 17 डिग्री कम, केलॉन्ग में शून्य से 16 डिग्री नीचे, पहलगाम में शून्य से 14 डिग्री नीचे, गुलमर्ग में शून्य से 12 डिग्री कम, कालपा में 9 डिग्री कम, कुपवाड़ा में 7.8 डिग्री कम, काजीगुंड में शून्य से 7.8 डिग्री नीचे, मनाली में शून्य से 6 डिग्री कम, श्रीनगर में शून्य से 5.4 डिग्री कम और कुल्लू में शून्य से 1 डिग्री कम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

शिमला और जम्मू में भी भीषण सर्दी पड़ रही है। शिमला में आज न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 0.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि दिखेगी लेकिन भीषण सर्दी से राहत नहीं मिलेगी क्योंकि बादल छाने और बारिश तथा बर्फबारी होने से दिन के तापमान में गिरावट हो सकती है, जिससे अगले कुछ दिनों के दौरान पहाड़ों पर जीवन के लिए मुश्किलें कुछ और बढ़ सकती हैं।

Image credit: Hindustan Times

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार:skymetweather.comअवश्य लिखें।

 

 

Similar Articles

thumbnail image
आज सूर्य करेगा भूमध्य रेखा पार, बसंत ऋतु की शुरुआत, दिन-रात की अवधि लगभग बराबर

आज, 20 मार्च 2025, बसंत विषुव (Spring Equinox 2025) का दिन है। सूर्य भूमध्य रेखा को पार करेगा, दिन बड़े और गर्म होंगे। उत्तर गोलार्ध में बसंत ऋतु की शुरुआत होगी, दक्षिण गोलार्ध में शरद ऋतु का आगमन होगा। वहीं, सितंबर में यह खगोलीय घटना फिर से होगी।

posted on:
thumbnail image
गर्मी का दायरा बढ़ा! ओडिशा, महाराष्ट्र, तेलंगाना और रायलसीमा में 40°C के पार तापमान, राहत की उम्मीद

देश में समय से पहले गर्मी असर बढ़ रहा है। ओडिशा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश में अभी तापमान से 40°C से ऊपर पहुंच गया है, जिस कारण इन राज्यों में भीषण गर्मी हो रही है। फरवरी 2025, पिछले 125 वर्षों में सबसे गर्म महीना रहा है। कई जगहों पर सामान्य से 6.4°C तक ज्यादा तापमान रिकॉर्ड हुआ है।

posted on:
thumbnail image
दिल्ली में बढ़ेगी गर्मी! शुष्क और तपता रहेगा वीकेंड, बारिश की संभावना हुई कम

दिल्ली में गर्मी बढ़ रही है, पिछले 3 दिनों में तापमान 4°C बढ़ा है। आज अधिकतम 34-35°C, न्यूनतम 17°C तक रह सकता है। मार्च अब तक लगभग शुष्क बना हुआ है, सिर्फ 2mm बारिश दर्ज हुई है। 26-28 मार्च को तापमान 40°C के करीब पहुंचने की संभावना है। वहीं,पश्चिमी विक्षोभ से मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना नहीं है।

posted on:
thumbnail image
[Hindi] सम्पूर्ण भारत का मार्च 21, 2025 का मौसम पूर्वानुमान

अगले 24 घंटे के दौरान, पश्चिम बंगाल, झारखंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और उत्तर छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बिजली चमकने तथा तेज हवाओं की संभावना है।

posted on: