[Hindi] दिल्ली में रक्षाबंधन पर जमकर बरसा मॉनसून; 3 दिनों तक होगी अच्छी वर्षा

August 7, 2017 4:33 PM | Skymet Weather Team

स्काईमेट के अनुमानों के अनुसार दिल्ली में 7 अगस्त की सुबह सुहावने मौसम और बादलों के बीच हुई। दोपहर आते-आते बादलों का प्रभाव बढ़ा और राष्ट्रीय राजधानी तथा आसपास के भागों में भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई। अनुमान है कि दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में अगले दो-तीन दिनों तक मॉनसून सक्रिय रहेगा और इस दौरान अच्छी वर्षा दर्ज की जा सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल बीते दो-तीन दिनों से गर्मी और उमस का प्रकोप बढ़ गया था और मौसम से लोग हलकान थे। राजधानी में बीते कई दिनों से लगातार आर्द्र हवाएं चल रही थीं, यह अलग बात है कि यह हवाएँ बारिश देने में नाकाम थीं। इस बीच अधिक तापमान और हवाओं में अधिक नमी के चलते बने उमसभरे मौसम से सोमवार को लोगों को राहत मिली।

सोमवार यानी रक्षाबंधन के दिन शुरू हुई तेज बरसात से मौसम सुहावना हो गया है और आने वाले दो-तीन दिनों के दौरान राजधानी में मौसम का मिजाज़ कुछ इसी तरह का बना रहेगा। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस समय पूर्वी भारत में बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र आगे बढ़ते हुए मध्य भारत के करीब पहुंचा है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश पर भी एक चक्रवर्ती सिस्टम बना हुआ था जो धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा तराई क्षेत्र में बनी मॉनसून की अक्षीय रेखा भी अब दक्षिणवर्ती हुई है।

[yuzo_related]

मॉनसून की अक्षीय रेखा इस समय पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश होते हुए बंगाल की खाड़ी में पहुंच रही है और दिल्ली के काफी करीब है। इन मौसमी सिस्टमों के चलते राजधानी और आसपास के भागों में मौसम में बदलाव आया है। राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के हिस्सों में हुई अच्छी बारिश ने रक्षाबंधन के त्योहार के उल्लास को दोगुना कर दिया है।

स्काईमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह मौसमी सिस्टम अगले 3 दिनों तक उत्तर भारत के मैदानी भागों में सक्रिय रहेंगे जिससे यहां आर्द्र हवाओं का व्यापक प्रवाह लगातार बना रहेगा। दिल्ली सहित आसपास के भागों में 10 अगस्त तक कई जगहों पर हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।

Image credit:

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES