Skymet weather

[Hindi] मूसलाधार मॉनसून वर्षा से तालाब में तब्दील मुंबई; आज से बारिश में कमी

August 30, 2017 11:40 AM |

Mumbai rainsUpdate: August 30, 11:30 AM; मूसलाधार मॉनसून वर्षा से तालाब में तब्दील मुंबई; आज से बारिश में कमी

पिछले 24 घंटों के दौरान मुंबई में रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई। महानगर के शांताक्रूज मौसम केंद्र ने पिछले 24 घंटों में 331 मिलीमीटर की भीषण बारिश रिकॉर्ड की। मुंबई से सटे ठाणे में भी 116 मिलीमीटर की भारी वर्षा हुई। भारी बारिश के चलते सड़क और रेल यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। फिलहाल आज से बारिश की गतिविधियों में कमी आने से लोग राहत की सांस लेंगे।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मुंबई में भीषण वर्षा देने वाला निम्न दबाव का क्षेत्र मुंबई सहित महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र से आगे निकल गया है जिसके चलते मायानगरी में बारिश में पहले से ही कमी आ गई है। यह सिस्टम इस समय गुजरात पर है। आज दोपहर बाद से मुंबई में बारिश में और कमी आएगी। फिलहाल हल्की बारिश के आसार हैं। बारिश में कमी आने से जहां तहां फंसे लोगों को व्यापक राहत मिलेगी। मुंबई के जन-जीवन को ठप कर देने वाली इस बारिश ने बीते 12 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा। इससे पहले 2005 में मुंबई ने ऐसी भीषण बारिश देखी थी।

[yuzo_related]

एयर इंडिया ने मुंबई से या मुंबई जाने के लिए 28 और 29 अगस्त से पहले लिए गए सभी टिकटों पर रद्द किए जाने का शुल्क माफ कर दिया है। यह सहूलियत 31 अगस्त तक जारी रहेगी। हार्बर लाइन पर भारी बारिश और पानी लगने से सेवा प्रभावित हुई थी। आज सुबह 9 बजे से सेवाओं को आंशिक रूप से शुरू कर दिया गया है। मुंबई में लोगों को लंच उपलब्ध कराने के लिए प्रसिद्ध डब्बावाला आज आज अपनी सेवाएँ नहीं दे पाएंगे क्योंकि कल शाम को लंच बॉक्स वापस नहीं लिए जा सके थे। मुंबई में आज स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे जबकि बॉम्बे स्टॉक एक्स्चेंज खुला रहेगा।

मुंबई सहित महाराष्ट्र के पश्चिमी तटों पर बीते कुछ दिनों से मॉनसून सक्रिय हुआ। पिछले 24 से 36 घंटों से तटीय भागों में भीषण वर्षा हो रही है। मंगलवार सुबह से हुई भारी बारिश ही मॉनसून के रौद्र रूप का संकेत दे रहे हैं। दादर और महालक्ष्मी में आज महज़ तीन घंटों में ही 100 मिलीमीटर से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई।

भारी बारिश के चलते मुंबई के दादर, हिंदमाता और महालक्ष्मी में कई जगहों पर सड़के जलमग्न हैं। घरों, दफ्तरों में भी पानी भर गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक बारिश की बात करें तो दहानु में 195 मिलीमीटर की भीषण बारिश दर्ज की गई। हरनई में 178 और महाबलेश्वर में 166 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मंगलवार को सुबह 8:30 बजे के बाद अब तक दादर में 165 मिलीमीटर की भारी बारिश दर्ज की गई। महालक्ष्मी में 105 मिलीमीटर और शांताक्रूज में 126 मिलीमीटर की भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मध्य भारत में बना निम्न दबाव का क्षेत्र इस समय उत्तरी महाराष्ट्र और इससे सटे गुजरात पर बना हुआ है। इसके अलावा पश्चिमी तटों पर गुजरात से लेकर कर्नाटक के तटीय हिस्सों तक बनी ट्रफ भी प्रभावी है। इन मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में अगले 24 घंटों तक कई जगह मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। मुंबई और आसपास के शहरों में गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।

Pune

मीडिया में आ रही खबरों के अनुसार कई सड़कों पर पानी भरने से आवाजाही बंद है। मुंबई की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों का परिचालन भी बाधित है। बीते दिनों से मुंबई और इसके आसपास हो रही भारी बारिश के चलते कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है और रेल ट्रैक पानी में बह गया है। इसी कारण मुंबई से नागपुर जा रही दुरन्तो एक्सप्रेस के इंजन समेत नौ बोगियाँ पटरी से उतर गईं।

भारतीय रेलवे के प्रवक्ता के अनुसार ट्रैक पानी में बह गया था जिसे देखते हुए ड्राइवर ने समझदारी से काम लिया और इमरजेंसी ब्रेक लगाई, जिससे बड़ी दुर्घटना को टाला जा सका। दुर्घटना में कुछ लोगों को चोटें आई हैं लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के आंकलन के अनुसार मुंबई सहित इसके आसपास के भागों में अगले 24 घंटों के बाद बारिश कम हो जाएगी लेकिन उसके बाद भी हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहेगी। इसके अलावा बारिश के बाद यानि आफ्टर एफेक्ट से उबरने में 48 घंटों का समय लगेगा। तब तक रेल और सड़क यातायात में सतर्कता की आवश्यकता है।

Image credit: The Financial Times

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार : skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try