[Hindi] रांची, पटना, गया में अच्छी बारिश; कोलकाता में मध्यम बौछारें गिरने के आसार

October 10, 2017 2:09 PM | Skymet Weather Team

गंगीय पश्चिम बंगाल पर बना डीप डिप्रेशन पिछले 24 घंटों से सक्रिय रहा। इस दौरान यह पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ते हुए बांकुरा पर पहुँच गया। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह सिस्टम आने वाले समय में भी पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिशा में 10 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से आगे बढ़ता रहेगा। हालांकि आगे बढ़ने के क्रम में यह कमजोर हो जाएगा।

सोमवार की सुबह 8:30 बजे से पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में मूसलाधार वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इस दौरान वर्धमान में 126 मिलीमीटर, शांति निकेतन में 118 मिलीमीटर, कोलकाता में 71 मिलीमीटर और बांकुरा में 66 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।

स्काइमेट के अनुसार ज़मीनी क्षेत्र पर होने के चलते इसकी क्षमता में जल्द कमी आएगी और शीघ्र ही डीप डिप्रेशन से डिप्रेशन बन जाएगा। आज शाम तक इसके और कमजोर होकर निम्न दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने की संभावना है। हालांकि इसकी वर्तमान क्षमता और इसके आगे बढ़ने की दिशा को देखते हुए अंदाज़ा है कि अगले 24 घंटों तक पश्चिम बंगाल के कई भागों, झारखंड और पूर्वी बिहार में मध्यम से भारी वर्षा जारी रहेगी।

[yuzo_related]

जैसा कि स्काइमेट ने अनुमान लगाया था, ओड़ीशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में पहले से ही बारिश हो रही है। यह मौसमी सिस्टम अगले 24 घंटों में पश्चिम बंगाल और ओड़ीशा से दूर होगा जिससे गंगीय पश्चिम बंगाल और ओड़ीशा में धीरे-धीरे बारिश कम हो जाएगी। हालांकि कोलकाता सहित आसपास के हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। ओड़ीशा के तटीय भागों में मौसम शुष्क हो जाएगा जबकि अंगुल, कटक, कंधमाल, रायगढ़ा और संभलपुर सहित आंतरिक ओड़ीशा में अगले 24 से 48 घंटों तक हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहने का अनुमान है।

यह मौसमी सिस्टम बिहार और झारखंड के कई इलाकों को अगले 24 से 48 घंटों तक प्रभावित करेगा। इस दौरान रांची, जमशेदपुर, चाईबासा, बोकारो, देवगढ़ और दुमका सहित झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पटना, गया, भागलपुर, पुर्णिया, अररिया और किशनगंज सहित बिहार के पूर्वी हिस्सों में भी मौसम सक्रिय बना रहेगा। बिहार और झारखंड में कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी देखने को मिल सकती है। बारिश के साथ कहीं-कहीं बिजली गिरने और तेज़ हवाएँ चलने की भी संभावना है।

Image credit: Hindustan Times

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

OTHER LATEST STORIES