[Hindi] सर्दी के आखिरी पड़ाव पर कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में आ रही है अच्छी बर्फबारी

January 30, 2018 1:00 PM | Skymet Weather Team

इस साल सर्दियों में उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अब तक व्यापक बारिश या भारी बर्फबारी नहीं हुई है। इससे पहले कश्मीर और हिमाचल के कई इलाकों में दिसंबर में 10 से 12 तारीख के बीच अच्छी वर्षा और हिमपात हुआ। उसके बाद 22 जनवरी के आसपास इन भागों में अच्छी बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई। लेकिन इन दो अवसरों को छोड़ दें सर्दी के शेष समय में छिटपुट जगहों पर हल्की वर्षा या हिमपात की गतिविधियां ही देखने को मिली हैं।

पिछले कई दिनों से पर्वतीय राज्यों में अधिकतर स्थानों पर मौसम शुष्क बना हुआ था क्योंकि जम्मू कश्मीर के पास पहुँचने वाले पश्चिमी विक्षोभ कम प्रभावी थे और तेज़ी से आगे आगे निकल जा रहे थे। इस बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों के करीब पहुंचने वाला है, जो आज रात से जम्मू कश्मीर को प्रभावित करना शुरू करेगा।

स्काईमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तरी पाकिस्तान और इसे सटे भागों के पास बना पश्चिमी विक्षोभ पिछले सिस्टमों की तुलना में अधिक सक्रिय है और आज रात से जम्मू कश्मीर के ऊंचे इलाकों में बारिश और बर्फबारी देना शुरू करेगा। कल सुबह तक हिमाचल प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर वर्षा और हिमपात की गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। उत्तराखंड में घने बादल छएंगे लेकिन वर्षा और ऊंचे स्थानों पर हल्की बर्फबारी छिटपुट जगहों पर ही होने के संकेत हैं।

[yuzo_related]

मौसम विशेषज्ञों की माने तो जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 29 जनवरी की रात से शुरू होने वाली बारिश की गतिविधियां 30 जनवरी तक व्यापक रूप में जारी रह सकती हैं। यह मौसमी सिस्टम 31 जनवरी को आगे निकल जाएगा और कुछ कमजोर हो जाएगा जिसके चलते बारिश में कमी आएगी। लेकिन इस सिस्टम के पीछे ही एक अन्य सिस्टम भी कश्मीर के करीब होगा जो 1 फरवरी तक जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी देगा।

अनुमान है कि 2 फरवरी से उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में मौसम साफ हो जाएगा। इससे पहले यानि 29 जनवरी से 1 फरवरी के बीच श्रीनगर, गुलमर्ग, पहलगाम, शिमला, मनाली, नैनीताल, मसूरी, डलहौजी, धनौल्ती, धर्मशाला सहित अन्य लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर अच्छी वर्षा या बर्फबारी हो सकती है। बर्फबारी देखने के इच्छुक पर्यटक ऊपर बताए गए हिल स्टेशनों का रुख कर सकते हैं। जम्मू कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।

मौसम विशेषज्ञों की नजर में अगले तीन-चार दिनों तक बारिश और बर्फबारी के साथ बर्फीली हवाएं भी चलेंगी जिससे जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में दिन के तापमान में भारी गिरावट हो सकती है। अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान बढ़ जाएगा उसके बाद इसमें भी कमी आनी शुरू होगी। पहाड़ों पर बर्फबारी का रोमांचक नज़ारा अगर आप अपनी आँखों और कैमरे में कैद करना चाहते हैं तो आज और कल में निकल सकते हैं लेकिन विपरीत मौसम की चुनौतियों और भीषण ठंड से बचने के इंतज़ाम भी आपको करना होगा।

पहाड़ों पर संभावित बारिश और बर्फबारी का असर उत्तर भारत के मैदानी राज्यों पर भी दिखाई देगा। कल से उत्तर भारत में ठंडी हवाएं कमजोर हो जाएंगी जिससे न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने के आसार हैं। हालांकि 3-4 फरवरी से पहाड़ों से होकर सर्द हवाएं फिर से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों का रुख करेंगी जिससे अनुमान है कि 3 और 4 फरवरी से उत्तर भारत के दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और सर्दी एक बार फिर से बढ़ जाएगी।

Image credit: Hindustan Times

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES