[Hindi] दिल्ली में नवंबर की पहली बारिश

November 5, 2015 11:25 AM | Skymet Weather Team

Updated on November 5, 2015: स्काइमेट के पूर्वानुमान सही साबित हुए और राष्ट्रीय राजधानी तथा आसपास के भागों में आज सुबह कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की फुहारों ने मौसम का मिजाज़ बदल दिया। दिल्ली–एनसीआर में बारिश का यह दीदार जम्मू-कश्मीर के पास बने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हुआ है। सुबह से ही राजधानी में बादल छाए हुये हैं और रुक-रुक कर हल्की बारिश दर्ज की गई है। बदले मौसम से अनुमान है कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है।

न्यूनतम तापमान में भी आज हल्की कमी देखी जाएगी। आगामी दो दिनों के दौरान रात में पारा और कम होगा जिससे दिल्ली के लोग सर्दी महसूस कर सकते हैं। शुक्रवार को आसमान फिर से साफ और मौसम शुष्क हो जाएगा। साथ ही हवा के रूख में भी कल से बदलाव देखने को मिलेगा। इस समय दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में पूर्वी दिशा से आर्द्र हवाएँ आ रही हैं जो 24 घंटों के बाद से बदल जाएंगी। इन भागों में 24 घंटों के बाद शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएँ चलने की संभावना है।

Updated on November 5, 2015: दिल्ली और आसपास के भागों में अगले 2 दिनों तक साफ और शुष्क मौसम रहेगा। दो दिनों के बाद राजधानी में बारिश होने की संभावना है। बारिश का यह नया दौर उत्तर भारत में पहुँचने वाले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से देखने को मिलेगा। बादल छाने और बारिश की गतिविधियां होने के चलते दिल्ली के लोगों को सर्दी का एहसास भी होने लगेगा क्योंकि बारिश के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के भागों में तापमान व्यापक रूप से नीचे आ सकता है।

दिल्ली के मौसम में बदलाव 4 नवंबर की शाम या 5 नवंबर की सुबह से बारिश के रूप में देखने को मिलेगी। इस दौरान राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बौछारें दर्ज किए जाने की संभावना है। बारिश के साथ महानगर के दिन और रात के तापमानों में अच्छी ख़ासी कमी आएगी और हवा में 6 नवंबर तक नमीं तथा ठंडक बनी रहेगी। बदलते मौसम का असर दिल्ली वालों पर भी देखने को मिलेगा। लोगों को सुबह और शाम के समय हल्की जैकेट पहनने की ज़रूरत पड़ेगी।

दिल्ली में मॉनसून वापसी के बाद अक्टूबर महीने में औसतन 17.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जाती है। जबकि इस बार अक्टूबर में राजधानी दिल्ली में बारिश ना के बराबर हुई है।

दूसरी तरफ नवंबर महीने में दिल्ली की औसत वर्षा महज़ 4.3 मिलीमीटर है। इस महीने का राजधानी में औसत अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस है और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस है। उत्तर भारत के पर्वतीय भागों पर आने वाले पश्चिमी विक्षोभों के चलते ही दिल्ली में नवंबर माह में बारिश देखने को मिलती है।

 

 

 

OTHER LATEST STORIES