Skymet weather

[Hindi] दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत गंगा के मैदानी भागों पर भारी मॉनसून वर्षा, बिहार में बाढ़ का संकट- जतिन सिंह, एमडी, स्काइमेट

August 24, 2020 12:46 PM |

मॉनसून का प्रदर्शन पिछले सप्ताह भी काफी अच्छा रहा जिसके चलते दीर्घावधि औसत वर्षा की तुलना में बारिश का आंकड़ा सामान्य से 7% ऊपर पहुँच गया। अगस्त में बेहतर मॉनसून के चलते अब यह माना जा सकता है कि मॉनसून 2020 कमजोर नहीं बीतने वाला है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के साल 2020 में कमजोर रहने की आशंका अब ना के बराबर है। हालांकि उत्तर-पश्चिम भारत अभी भी सामान्य से कम वर्षा वाला क्षेत्र बना हुआ है। लेकिन बीते सप्ताह अच्छी बारिश से इन भागों में भी आंकड़े सुधरे थे।

इस बीच केंद्र सरकार ने किसानों के लिए कुछ अच्छे फैसले किए हैं। कृषि लागत एवं कीमत आयोग द्वारा सुझाए गए बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने कीमतों को लेकर जो बदलाव किए उसका सबसे ज्यादा फायदा गन्ना किसानों को मिलने की संभावना है। लगभग एक करोड़ गन्ना किसानों के लाभान्वित होने की संभावना है। भारत में गन्ने की खेती और चीनी मिलों को जोड़कर देखें तो लगभग 5 करोड़ लोगों को रोज़गार मिलता है। कीमतों में बदलाव के बाद 2020-21 में गन्ना किसानों को 285 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान मिलेगा। आपको बता दें कि गन्ने की ख़रीद मूल्य को Fair & Remunerative Price (FRP) के तौर पर घोषित किया जाता है।

अगस्त महीने में मॉनसून को बंगाल की खाड़ी से व्यापक मदद मिली, जिसकी वजह से ओडिशा से लेकर छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के कुछ इलाकों गुजरात और दक्षिणी तथा दक्षिण-पूर्वी राजस्थान तक मॉनसून का व्यापक प्रदर्शन बरकरार रहा। साल 2020 के मॉनसून सीजन में अगस्त महीना सबसे अधिक वर्षा वाला महीना साबित हो रहा है। इस सप्ताह भी बंगाल की खाड़ी से मौसमी सिस्टम उठेंगे और भारत के भागों पर आएंगे लेकिन इनका प्रभाव गंगा के मैदानी क्षेत्रों पर ज्यादा होगा बनिस्पत मध्य भारत के।

उत्तर भारत

उत्तर भारत के लिए इस सप्ताह की शुरुआत सामान्य मॉनसून के साथ होगी। दिल्ली समेत ज्यादातर इलाकों में अगले दो-तीन दिनों में मॉनसून बहुत प्रभावी नहीं रहेगा जिससे हल्की बारिश से अधिक की उम्मीद नहीं है। हालांकि 24 और 25 अगस्त को राजस्थान के दक्षिण-पश्चिमी जिलों में भारी वर्षा देखने को मिलेगी। बाकी हिस्सों में 26 अगस्त से बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। शुरुआत उत्तर प्रदेश से होगी और धीरे-धीरे दिल्ली-एनसीआर समेत बाकी भागों तक बारिश का दायरा बढ़ेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 28 और 29 अगस्त को मूसलाधार वर्षा होने की संभावना है। इसके चलते इन दोनों राज्यों के कुछ इलाकों पर बाढ़ का संकट पैदा हो सकता है। शेष पहाड़ी राज्यों में सप्ताह के शुरुआती समय में बारिश तराई क्षेत्रों पर होगी उसके बाद धीरे-धीरे बाकी इलाके भी प्रभावित होंगे।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत

बंगाल की खाड़ी पर एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो गया है। यह सिस्टम पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार से होकर गुजरेगा और पश्चिमी भागों की तरफ आगे बढ़ेगा जिससे 28 अगस्त तक इन सभी क्षेत्रों में मध्यम से भारी वर्षा देखने को मिलेगी। बिहार में लंबे समय बाद भारी वर्षा इसी निम्न दबाव के प्रभाव से होगी। इस सप्ताह फिर से बिहार के कुछ इलाकों में लोगों को बाढ़ का संकट झेलना पड़ सकता है। इसके अलावा सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड में भी मध्यम से भारी वर्षा कुछ स्थानों पर सप्ताह के शुरुआती दिनों में देखने को मिल सकती है। उसके बाद बारिश में कमी आ जाएगी।

मध्य भारत

मध्य भारत के भागों में इस सप्ताह मॉनसून के कुछ कमजोर रहने की संभावना है। हालांकि छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 25 से 27 अगस्त के बीच मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। गुजरात में भी 27 और 28 अगस्त को मध्यम से भारी मॉनसून वर्षा की संभावना है। महाराष्ट्र में इस सप्ताह अधिकांश भागों पर मौसम कमजोर रहेगा। हल्की बारिश से अधिक की संभावना नहीं है। 27 और 28 को महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर अधिक बारिश की अपेक्षा की जा सकती है।

दक्षिण भारत

दक्षिण भारत के भागों में इस सप्ताह मॉनसून की सबसे कम सक्रियता देखने को मिलेगी। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 25 और 26 अगस्त को कुछ स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है। तमिलनाडु के आंतरिक भागों में 24 से 26 अगस्त के बीच हल्की वर्षा देखने को मिल सकती है। केरल में पूरे सप्ताह हल्की बारिश से अधिक की अपेक्षा फिलहाल नहीं है।

दिल्ली

दिल्ली वालों को इस सप्ताह भी मॉनसून वर्षा भिगो सकती है। शुरुआत में हल्की वर्षा होगी। 26 अगस्त से बारिश की गतिविधियां कुछ बढ़ेंगी और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम वर्षा सप्ताह के आखिर तक बनी रहेगी। 27 और 28 अगस्त को बारिश की गतिविधियां सबसे ज्यादा हो सकती हैं।

चेन्नई

चेन्नई में अगस्त का आखिरी हफ्ता भी कम बारिश देने वाला है। सप्ताह के मध्य से लेकर आखिर तक ज्यादातर समय घने बादल आते रहेंगे लेकिन बारिश की गतिविधियां बहुत ज्यादा नहीं होगी। अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास बना रहेगा।

Image credit: India TV

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try