Skymet weather

[Hindi] आखिरकार पहाड़ों पर तन गई सफ़ेद चाँदी सी चादर

January 4, 2017 2:00 PM |

Snowfall in Anantnag_Daily world 600उत्तर भारत के पहाड़ों पर बीते 24 घंटों से व्यापक बारिश और बर्फबारी हो रही है। जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर वर्षा और बर्फबारी हुई है। कुछ भागों में भारी बर्फबारी भी दर्ज की गई है। इससे पहले उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना हुआ था। मंगलवार की सुबह 8:30 बजे से बीते 24 घंटों के दौरान कुपवाड़ा में 29.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। गुलमर्ग में 22.4 मिलीमीटर, बनिहाल में 18.3 मिलीमीटर, पहलगाम में 15.4 मिलीमीटर, श्रीनगर में 12.4 मिलीमीटर और कटरा में 0.5 मिलीमीटर बारिश/बर्फबारी दर्ज की गई है।

जम्मू कश्मीर में इस सीजन की पहली अच्छी वर्षा और बर्फबारी देखने को मिल रही है। इस दौरान हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर और उत्तराखंड में कहीं-कहीं वर्षा और हिमपात दर्ज की गई। उत्तर भारत के पहाड़ों पर मौसम में यह बदलाव सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से देखने को मिल रहा है। वर्तमान सिस्टम जम्मू कश्मीर के उत्तर में है और धीरे-धीरे उत्तर एवं पूर्वी दिशा में आगे निकल रहा है। इसके आगे बढ़ने से जम्मू कश्मीर में बारिश की गतिविधियां फिलहाल कम हो जाएंगी। हालांकि तीनों पर्वतीय राज्यों के ऊंचे स्थानों पर छिटपुट वर्षा या हिमपात हो सकता है।

इस बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर के करीब आता दिखाई दे रहा है। यह सिस्टम इस समय उत्तरी अफगानिस्तान और आसपास के भागों तक पहुँच चुका है। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि यह सिस्टम 6 जनवरी से उत्तर के पहाड़ों पर वर्षा और हिमपात देगा। क्रमशः हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी गतिविधियां शुरू होने की संभावना है।

वर्तमान मौसमी परिदृश्य के आंकलन के आधार पर स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर के मैदानी क्षेत्रों पर एक चक्रवाती सिस्टम भी विकसित होगा, जो पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और उत्तरी राजस्थान में छिटपुट जगहों पर हल्की वर्षा दे सकता है। दिल्ली सहित मैदानी राज्यों में 7 और 8 जनवरी को वर्षा के आसार दिखाई दे रहे हैं।

Image credit: Dailyworld.in

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try