[Hindi] उत्तर प्रदेश में पानी जमा देने वाली सर्दी का आतंक, कानपुर, लखनऊ, बहराइच में पारा शून्य पर

December 31, 2019 3:25 PM | Skymet Weather Team

देश के उत्तरी भागों में बर्फीली सर्दी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। वर्ष 2019 की सर्दी ने दशकों ही नहीं कई जगहों पर सदियों का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उत्तर प्रदेश के भी शहर बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। राज्य के कई शहरों में भीषण ठंड का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। मंगलवार, 31 दिसम्बर 2019 को उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर पारा शून्य पर पहुँच गया।

इससे पहले सोमवार को उत्तर प्रदेश के अनेक शहरों में अधिकतम तापमान भी कई जगहों पर सामान्य से तकरीब 10 डिग्री सेल्सियस तक कम रिकॉर्ड किया गया। उसी का असर था कि मंगलवार यानि 2019 के आखिरी दिन कानपुर में पारा गिरकर शून्य डिग्री सेल्सियस पर पहुँच गया। यह कानपुर के लिए नया रिकॉर्ड है। इससे पहले 21 दिसम्बर 2015 को कानपुर में 0.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था जो ऑल टाइम रिकॉर्ड था। आज ना सिर्फ यह रिकॉर्ड टूट गया बल्कि एक नया रिकॉर्ड बन गया।

English Version: Kanpur, Bahraich, Lucknow freeze at zero degree, no relief from cold wave in Uttar Pradesh till 48 hrs

बहराइच में भी 106 साल का रिकॉर्ड टूटा और यहाँ 0.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान का रिकॉर्ड यहाँ 29 दिसम्बर 1913 में बना था, जब 1.7 डिग्री पारा पहुंचा था।

राजधानी लखनऊ का भी यही हाल रहा। यहाँ आज न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री दर्ज किया गया। लखनऊ में दिसम्बर में यह दूसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान है। इससे पहले यहाँ 13 दिसम्बर 1973 को 0.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।

उत्तर प्रदेश में रात ही नहीं कई शहरों में दिन के तापमान ने नए कीर्तिमान स्थापित किए। पिछले 24 घंटों के दौरान मेरठ में 7.3 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। अलीगढ़ में 7.4 डिग्री, मुरादाबाद में 8.8 डिग्री, वाराणसी में 9 डिग्री, कानपुर में 9.6 डिग्री रहा दिन में पारा।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 10 से 18 डिग्री सेल्सियस कम जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 7 से 9 डिग्री कम रहा। अब तापमान बढ़ेगा लेकिन उत्तर प्रदेश को अगले 48 घंटों तक शीतलहर के प्रकोप से राहत मिलने की संभावना नहीं है।

नए साल 2020 से बारिश शुरू के आसार

स्काइमेट ने जैसा अनुमान लगाया था, उत्तर प्रदेश में बुधवार से बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। इस बारिश से पहले ही हवाओं का रुख बदलकर पश्चिमी से पूर्वी हो जाएगा। यह हवाएँ अपेक्षाकृत गरम होंगी जिससे कल से तापमान में कुछ बढ़ोत्तरी देखने को मिलेगी।

फिलहाल 1 जानवर, 2020 से उत्तर प्रदेश में बारिश का जो मौसम शुरू हो रहा है, वह अगले दो-तीन दिनों तक बना रहेगा। इस दौरान कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश होगी। बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना है।

Image credit: Live Mint

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

OTHER LATEST STORIES