Skymet weather

[Hindi] उत्तर प्रदेश के पश्चिमी तराई क्षेत्रों में घने कोहरे के आसार

December 19, 2016 5:30 PM |

Bareli fog_Newsd 600देश के अधिकतर हिस्सों में इस समय कोहरे से राहत है। इस बीच उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्र के पश्चिमी जिलों में मंगलवार को घना कोहरा छाने के लिए स्थितियाँ अनुकूल दिखाई दे रही हैं। इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर के पास से आगे निकल रहा है। इस सिस्टम के आगे से आ रही गर्म हवाएँ (अपेक्षाकृत कम ठंडी हवाएँ) अब तक राज्य के पश्चिमी तराई भागों में बनी हुई थीं जिन्हें कल ठंडी हवाएँ स्थानांतरित करेंगी। दो अलग प्रकृति की हवाओं के मिलने के चलते इन भागों में कोहरा छाने के आसार बन रहे हैं।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, मुरादाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, नजीबाबाद और देवबंद तथा इन जिलों के आसपास के भागों में कई जगहों पर मंगलवार की सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। कोहरे के चलते रेल और सड़क यातायात पर असर पड़ने की संभावना है। हालांकि इस कोहरे की मियाद बहुत कम समय के लिए होगी। जैसे ही उत्तर-पश्चिम से आने वाली सर्द और शुष्क हवाएँ ज़ोर पकड़ेंगी इन भागों में भी कोहरा कम हो जाएगा। बुधवार को उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरे के ही आसार हैं।

मंगलवार को उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है। आसमान मुख्यतः साफ और मौसम शुष्क बना रहेगा। दिन में मध्यम गति से उत्तर-पश्चिमी शीतल और शुष्क हवाएँ चलती रहेंगी। राज्य के पश्चिमी हिस्सों में रात के तापमान में कल से हल्की गिरावट शुरू हो सकती है जबकि मध्य और पूर्वी भागों में बुधवार 21 दिसम्बर को न्यूनतम तापमान में अच्छी गिरावट होने की संभावना है।

Image credit: Newsd

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try