[Hindi] पूर्वी व मध्य राजस्थान में कुछ स्थानों पर धूलभरी आँधी, वर्षा का अनुमान

May 8, 2017 1:20 PM|

Jaipur rain-cloudingराजस्थान के अधिकांश इलाके भीषण गर्मी से उबल रहे हैं। कुछ स्थानों पर तापमान रिकॉर्ड तोड़ रहा है। लू की गिरफ्त में बने राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले 24 से 48 घंटों तक भीषण गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। हालांकि आज दोपहर बाद या शाम के समय पूर्वीराजस्थानमें कुछ स्थानों पर धूलभरी आँधी चलने की संभावना है। कहीं-कहीं गरज के साथ वर्षा भी हो सकती है। इस दौरान राज्य के मध्य भागों में भी कुछ जगहों पर मौसम की सक्रियता देखने को मिलेगी।

उत्तरी पाकिस्तान तथा इससे सटेजम्मू कश्मीरके पास बने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान तथा पश्चिमी राजस्थान के ऊपर विकसित हुआ है। इस सिस्टम के चलते राज्य में नम हवाओं का प्रवाह बढ़ गया है जिसके चलते पश्चिमी राजस्थान को छोड़कर राज्य के शेष भागों में कुछ स्थानों पर आंशिक बादल छाए रहेंगे और मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

जयपुर, अजमेर और सीकर सहित राज्य के अन्य पूर्वी हिस्सों में 8 और 9 मई को शाम के समय कुछ स्थानों पर आँधी चलने के आसार हैं। एक-दो जगहों पर गरज के साथ वर्षा भी हो सकती है। राजस्थान के मध्य भागों में भी कुछ स्थानों पर ऐसी ही गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, हालांकि यहाँ मौसमी हलचल पूर्वी क्षेत्रों के मुक़ाबले कम होगी।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मौसम में इस बदलाव के बावजूद अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी से राहत की संभावना नहीं। ऐसा इसलिए है क्योंकि मौसम दोपहर बाद करवट लेगा जबकि तापमान पहले चरम पर पहुँच चुका होगा। अगले 48 घंटों के दौरान संभावित बारिश के चलते 10 मई से अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट का अनुमान है जिससे कुछ राहत मिलेगी।

राजस्थान के कई इलाकों में 7 मई को अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर रिकॉर्ड गया। श्रीगंगानगर में सामान्य से 6 डिग्री अधिक 45.5 डिग्री पारा दर्ज किया गया।जैसलमेरमें 46 डिग्री, अजमेर में 43.8 डिग्री, राजधानी जयपुर में 44.5 डिग्री औरजोधपुरमें 44.3 डिग्री सेल्सियस तापमान बीते 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया है। तापमान का यही रुख आज और कल भी बना रहेगा, जिससे 9 मई तक भीषण गर्मी का प्रकोप कम नहीं होगा। गर्मी से कुछ राहत 10 मई को मिल सकती है जब अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी।

Image credit: Notesfromthewildside

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार:skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

author image