[Hindi] पूर्वी भारत में ग्रीष्म ऋतु के आगमन के संकेत

February 14, 2017 4:45 PM | Skymet Weather Team

पूर्वी भारत के राज्यों में इस समय किसी सक्रिय मौसमी सिस्टम के अभाव में तापमान में भारी बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। इस समय पूर्वी राज्यों में पारा उत्तर भारत के मैदानी राज्यों से भी अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है। उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में दिन का तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है जबकि पूर्वी भारत में दिन में पारा 25 से 30 डिग्री के बीच चल रहा है। इन दोनों क्षेत्रों के अधिकतम तापमान में लगभग 5 से 6 डिग्री सेल्सियस का अंतर है।

इसी तरह न्यूनतम तापमान में भी अंतर देखा जा रहा है। पूर्वी राज्यों में उत्तर भारत के मैदानी भागों से 4 से 5 डिग्री अधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया जा रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वी भारत में बिहार से लेकर झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओड़ीशा तक रात का तापमान बढ़ते हुए 14-15 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया है।

स्काइमेट के अनुसार इन भागों में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा जिसके चलते तापमान में बढ़ोत्तरी का क्रम जारी रहने की संभावना है और अगले 24 से 48 घंटों के दौरान तापमान में हल्की वृद्धि होगी। साफ आसमान के चलते धूप का प्रभाव तेज़ होगा जिससे दिन में मौसम गर्म महसूस किया जाएगा। हालांकि न्यूनतम तापमान में वृद्धि के बावजूद पूर्वी भारत के राज्यों में रात और सुबह के समय मौसम शीतल और खुशनुमा बना रहेगा।

दिन और रात के तापमान में अंतर इस समय लगभग 15 से 16 डिग्री के बीच है। इसके चलते दिन में मौसम गर्म और रात में ठंडा रहने की संभावना है। यह समय दो ऋतुओं के बीच बदलाव का है। ऐसे में मौसमी बीमारियों के संक्रमण का खतरा रहता है जिससे अधिक सावधानी की आवश्यकता है। पूर्वी भारत के राज्यों के वर्तमान मौसम का रुख देखते हुए कह सकते हैं कि ऐसा लग रहा है जैसे सर्दी विदाई लेने को तैयार है और गर्मी धीरे-धीरे दस्तक देने के इंतज़ार में है।

Image credit: India.com

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES