[Hindi] पूर्वी भारत में फिर से तन गई घने कोहरे की चादर

December 29, 2016 9:37 AM | Skymet Weather Team

स्काइमेट ने जैसा अनुमान लगाया था, पूर्वी भारत के राज्यों में एक बार फिर से घने कोहरे ने दस्तक दे दी है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में घना कोहरा फिर से छाने लगा। इलाहाबाद और गोरखपुर में घने कोहरे के चलते आज लगातार दूसरे दिन भी दृश्यता घटकर शून्य पर चली गई। जिससे इन भागों में यातायात में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पटना, गया और अगरतला में भी घना कोहरा छाया रहा। इन स्थानों पर घने कोहरे ने दृश्यता को 100 मीटर तक कम कर दिया था। वाराणसी में सुबह की शुरुआत में कोहरा कम रहा लेकिन 8 बजे इसका प्रभाव बढ़ा जिससे दृश्यता घटकर 50 मीटर तक पहुँच गई। लखनऊ में अपेक्षाकृत कोहरा कम रहा। यहाँ सुबह 8 बजे मध्यम कोहरे ने दृश्यता को प्रभावित किया और यह दृश्यता 550 मीटर दर्ज की गई। पूर्वी भारत के भागों में घने कोहरे के चलते लगभग 45 से अधिक रेलगाड़ियां अपने समय से देरी से चल रही हैं।

स्काइमेट के अनुसार बिहार और इससे सटे भागों तथा दक्षिणी बांग्लादेश और उससे सटे भागों पर दो चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र बने हुए हैं। इन सिस्टमों के प्रभाव से पूर्वी भारत में पूर्वी हवाएँ चल रही हैं और बंगाल की खाड़ी से नमी का व्यापक प्रवाह पूर्वी भारत के राज्यों में बना हुआ है। इसके चलते पूर्वी भारत विशेषकर पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तरी झारखंड में कोहरा बढ़ गया है। आने वाले दिनों में भी मौसम का हाल इसी तरह बना रहेगा। घने कोहरे के चलते उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों और बिहार के भागों में दिन में भी अच्छी सर्दी बनी रहेगी। कई जगह शीतलहर जैसे हालत बन सकते हैं।

इस बीच दिल्ली और इसके आसपास के शहरों के साथ-साथ उत्तर भारत के अन्य मैदानी राज्यों में कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम कोहरा देखने को मिला। जबकि अधिकांश स्थानों पर वातावरण साफ रहा। दिल्ली में दृश्यता 600 मीटर से नीचे नहीं गई। हालांकि हमारा अनुमान है कि दिल्ली सहित उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में अगले 24 घंटों में यानि शुक्रवार से घना कोहरा वापसी कर सकता है।

Image credit: Rediff.com

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES