[Hindi] दिल्ली में पारा पहुंचा 34 डिग्री के स्तर पर, सप्ताह के मध्य में हो सकती है बारिश

March 8, 2021 7:45 PM | Skymet Weather Team

दिल्ली के सफदरजंग में 7 मार्च को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह का न्यूनतम तापमान भी औसत से 5 डिग्री अधिक 18.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले 2016 में भी तापमान में इस कदर की वृद्धि शुरुआती दिनों में हुई थी और जब 4 मार्च, 2016 को सफदरजंग में पारा 34.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। 7 मार्च 2021 को अयानगर में भी तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। राष्ट्रीय राजधानी में 4 मार्च, 2021 को तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

दिल्ली में मार्च महीने की शुरुआत आमतौर पर 27 डिग्री सेल्सियस के साथ होती है और महीने के आखिर तक पारा 34 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर पहुँच जाता है। हालांकि हाल के वर्षों में कई बार अधिकतम तापमान मार्च महीने में सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जाता रहा है। वर्ष 2010 में 22 मार्च को और 2019 में 31 मार्च को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर पहुंचा था। मार्च महीने में दिल्ली में सबसे अधिक तापमान का रिकॉर्ड वर्ष 1945 के नाम है जब 31 मार्च को 40.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। पिछले एक दशक में 2020 का मार्च महीना अपेक्षाकृत ठंडा रहा था और पूरे मार्च महीने का सबसे अधिक दिन का तापमान 33.3 डिग्री से ऊपर नहीं गया था और यह भी एक दिन 25 मार्च, 2020 को दर्ज किया गया था।

पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली-एनसीआर के बाहरी इलाकों में कहीं-कहीं पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। अंबाला और करनाल सहित हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में वर्षा दर्ज की गई। राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में कुछ बादल दिखाई दिए, लेकिन बारिश नहीं हुई। उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में बारिश देने वाले मौसमी सिस्टम अब आगे निकलने वाले हैं।

एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की तरफ कल दस्तक दे सकता है। हालांकि आगामी सिस्टम से भी दिल्ली-एनसीआर में इसी तरह के मौसम की संभावना है। एक-दो स्थानों पर आंधी और गर्जना के साथ बारिश की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। दिल्ली और एनसीआर में 10 और 12 मार्च के बीच थोड़े समय की तेज़ बौछारें गिर सकती हैं। 13 मार्च तक बादलों का डेरा दिल्ली-एनसीआर के आसमान पर बना रह सकता है। उसके बाद हवाओं के रुख में बदलाव होगा जिससे दिन के तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

OTHER LATEST STORIES