[Hindi] सर्दी से सिहरी दिल्ली, 13.2 डिग्री रहा दिन में पारा, बर्फीली हवाओं के असर को कम नहीं कर सकी चमकती धूप

December 18, 2020 8:00 AM | Skymet Weather Team

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीते 5 दिनों से न्यूनतम तापमान हर दिन नीचे जा रहा है और दिल्ली के लोग भीषण सर्दी की गिरफ्त में आ गए हैं। बृहस्पतिवार 17 दिसंबर, 2020 को सर्द हवाओं का असर इतना बढ़ गया कि दिन के तापमान में भी इसका जबरदस्त असर देखने को मिला। आसमान साफ रहा दिन में धूप खिली रही लेकिन यह धूप हवाओं में मौजूद बर्फीली ठंड को कम करने यानि अधिकतम तापमान को बढ़ाने में कारगर नहीं रही। यही कारण है कि दिल्ली के लगभग सभी क्षेत्रों में तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान पालम में 13.2 डिग्री सेल्सियस और सफदरजंग में 15.2 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं जा सका। पालम में तापमान सामान्य से 9 डिग्री कम तो सफदरजंग में सामान्य से 7 डिग्री कम रहा। देश के मैदानी भागों में जब अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया जाता है तब उस दिन को कोल्ड दे कहा जाता है। यानी दिन में भी शीतलहर का प्रकोप देखा जाता है। राजधानी के अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 5 डिग्री या उससे भी नीचे बना हुआ है। आयानगर में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री, लोधी रोड में 4.2 डिग्री, पालम में 4.5 और सफदरजंग में 4.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
सुबह से ही पड़ रही कड़ाके की ठंड में सूरज की रोशनी भी काम नहीं आई। सर्द हवाओं के प्रभाव को चमकती तेज धूप कम नहीं कर सकी और अधिकतम तापमान दिल्ली एनसीआर में 16 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं पहुंच सका।

वर्तमान मौसमी परिदृश्य को देखते हुए हमारा अनुमान है कि अगले 3 दिनों तक दिल्ली के लोगों को इस भीषण सर्दी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। अनुमान है कि अगले दो-तीन दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर पारा 2 डिग्री या उससे भी नीचे पहुंच सकता है। कहीं-कहीं पर शून्य के करीब भी पहुंच जाएगा तापमान जिससे पाला पड़ने की भी आशंका है। राजधानी दिल्ली में आगामी 3 दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर कोहरा भी शुरू हो सकता है अगर कोहरा बढ़ता है तो दिन के तापमान में इसी तरह की कमी रहेगी।

Image credit: DNA India

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

OTHER LATEST STORIES