
दिल्ली वालों के साथ मॉनसून पिछले कई सालों से आँख मिचौली खेल रहा है। बारिश वाले दिन कम होते जा रहे हैं। मॉनसून के आने के बाद से मॉनसून की विदाई के बीच झमाझम बारिश के कुछ ही दौर देखने को मिल रहे हैं। इस साल के मॉनसून ने तो जुलाई तक दिल्ली को खूब तरसाया। अगस्त में भी कुछ ही दिन बारिश हुई। लेकिन यह कुछ ही दिनों की बारिश इतनी ज़्यादा होती है कि दिल्ली के कई इलाके डूब जाते हैं और लोग त्राहि माम करने लगते हैं। बाकी दिनों में गर्मी और उमस की जुगलबंदी से लोग बेहाल हो जाते हैं।
इस साल 1 जून से 25 अगस्त के बीच दिल्ली में 414 मिलीमीटर बारिश हुई है जो सामान्य से 6% कम है। ज़िलावार देखें तो सबसे कम बारिश मध्य दिल्ली में हुई है। यहाँ औसत से 59% कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा उत्तर पश्चिमी, उत्तर-पूर्वी और पूर्वी दिल्ली में भी कम बारिश हुई है। जबकि उत्तरी दिल्ली और दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली में सामान्य से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
बीते कुछ दिनों से दिल्ली में बारिश भले नहीं हो रही है लेकिन उमस कम है जिससे मौसम सहज बना हुआ था। हालांकि बादल आते जाते रहे हैं और एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा भी दर्ज की गई है।
इस बीच दिल्ली में बारिश बढ़ने वाली है। मॉनसून की अक्षीय रेखा का पश्चिमी सिरा अब उत्तरवर्ती होते हुए दिल्ली के करीब पहुँच रहा है। साथ ही एक गहरे निम्न दबाव का क्षेत्र भी पूर्वी भारत पर बना हुआ है। यह सिस्टम पश्चिमी दिशा में बढ़ते हुए मध्य प्रदेश पर आएगा। इन सिस्टमों के प्रभाव से दिल्ली एनसीआर में मॉनसून सक्रिय होने वाला है। आज रात से बारिश की गतिविधियां कुछ इलाकों में शुरू हो सकती हैं। 27 और 28 अगस्त को एक-दो बार मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं पर भारी वर्षा भी देखने को मिल सकती है।
29 अगस्त से बारिश कम हो जाएगी लेकिन मौसम पूरी तरह शुष्क नहीं होगा बल्कि 31 अगस्त तक रुक-रुक कर हल्की वर्षा होती रहेगी। निम्न दबाव का क्षेत्र 31 अगस्त तक पश्चिमी मध्य प्रदेश पर पहुँच जाएगा। इसके प्रभाव से दिल्ली में 1 सितंबर से फिर से बारिश की गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना है। कुल मिलकर अगले एक सप्ताह तक दिल्ली में मॉनसून की मेहरबानी दिखेगी जिससे तापमान बहुत अधिक ऊपर नहीं जाएगा और मौसम सहज बना रहेगा।
Image Credit:India.com
कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार:skymetweather.comअवश्य लिखें।