[Hindi] दिल्ली, चंडीगढ़, से अधिक सर्द हैं नाशिक, बेतुल, दमोह की सुबहें

October 26, 2017 5:15 PM | Skymet Weather Team

बारिश का मौसम सम्पन्न होते ही शुरू होती है शरद ऋतु। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून उत्तर भारत से विदा हो चुका है और यह जल्द ही दक्षिण भारत से भी अलविदा कहेगा। सर्दियों का आगाज़ सबसे पहले उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में होता है। अक्तूबर के मध्य तक राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के पर्वतीय और मैदानी राज्यों में अब तक न्यूनतम तापमान गिरकर 15 डिग्री से नीचे पहुँच जाता है और ठंडक महसूस होने लगती है। जबकि दक्षिण भारत में रात का तापमान 20 डिग्री के आसपास रहता है।

इसके उलट इस बार मौसम का अलग ही मिजाज़ देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ समय से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हुआ है। इसके बावजूद इन भागों में न्यूनतम तापमान तेलंगाना, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे दक्षिण और मध्य भारत के भागों से अधिक बना हुआ है।

पिछले 24 घंटों के दौरान रिकॉर्ड किए गए तापमान के आंकड़ें चौंकाने वाले हैं। दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और पालम में 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भी कई स्थानों पर दिल्ली से कम न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया जा रहा है। बेतुल में 14.2 डिग्री, दमोह में 12.2 डिग्री, छिंदवाड़ा में 12.4 डिग्री, नाशिक में 13.8 डिग्री, मलंजखंड में 14 डिग्री, परभणी और बेतुल में 14.4 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया जो दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई शहरों से कम है।

[yuzo_related]

आमतौर पर दक्षिणी और मध्य शहरों से ठंडी रहने वाली दिल्ली इस समय आश्चर्यजनक रूप से गर्म है। ऐसी मौसमी स्थितियाँ बहुत कम देखने को मिलती हैं। तेलंगाना के कई शहरों में सामान्य से काफी नीचे चल रहे तापमान को अगर स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों की नज़रों से देखें तो कारण हैं ठंडी उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हवाएँ। इन हवाओं के प्रभाव से अदिलाबाद सहित तेलंगाना, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में व्यापक गिरावट हुई है।

दूसरी ओर दिल्ली-एनसीआर में बीते लंबे समय से दक्षिण-पूर्वी भागों से आर्द्र और अपेक्षाकृत गर्म हवाएँ आ रही थीं जिसके चलते दिल्ली सहित समूचे उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम गर्म बना हुआ था। हालांकि अब उत्तर भारत में उत्तर-पश्चिमी ठंडी और शुष्क हवाएँ चलना शुरू हो गई हैं जिससे राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के शहरों में तापमान में क्रमशः गिरावट होगी और सर्दी के आगमन का अनुभव किया जा सकेगा।

Image credit: TravelDPlanet

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES