Skymet weather

[Hindi] दिल्ली को अभी भी झमाझम मॉनसूनी बौछारों का इंतज़ार

July 3, 2016 8:33 PM |

Delhi-rain-weather NDTV 600दिल्ली में मॉनसून का आगमन तो हो गया है लेकिन भारी वर्षा का इंतज़ार अभी भी बना हुआ है। हालांकि अधिकांश स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। दिल्ली में बीते 24 घंटों के दौरान विशेष बारिश नहीं हुई है जबकि दिल्ली से सटे राज्यों पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में अच्छी मॉनसूनी बारिश रिकॉर्ड की गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को घने बादल तो छाए रहे लेकिन सुबह के समय हल्की वर्षा रिकॉर्ड की गई।

दिल्ली के पालम मौसम केंद्र ने 8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की है। जबकि शहर के अन्य भागों में इससे भी कम वर्षा देखने को मिली। मॉनसून का आगमन राजधानी में शनिवार को हुआ। मॉनसूनी हवाओं के साथ आए घने काले बादलों ने मॉनसून की जोरदार शुरुआत का संकेत भले ही दिया लेकिन अभी भी दिल्ली के लोगों को झमाझम बारिश का इंतज़ार बना हुआ है।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में अगले 2-3 दिनों के दौरान छिटपुट वर्षा के ही आसार फिलहाल हैं। हालांकि भोर के समय और देर रात में अच्छी बारिश की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता। कुछ-कुछ स्थानों पर वर्षा का यह क्रम 7 जुलाई तक जारी रहेगा। उसके बाद अगले 2-3 दिनों का अंतराल रहेगा। यानि कि 7 जुलाई से 10 जुलाई तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा और छिटपुट स्थानों हल्की वर्षा दर्ज किए जाने की संभावना है।

दिल्ली में 11 जुलाई से बारिश के फिर से ज़ोर पकड़ने की संभावना है। इस दौरान राजधानी में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। आर्द्रता भी काफी अधिक बनी रहेगी। तापमान और आर्द्रता की जुगलबंदी के चलते दिल्ली वालों को गर्मी के साथ उमस का भी सामना करना पड़ सकता है। निष्कर्षतः यह कहा जा सकता है कि अगला सप्ताह अच्छी मॉनसूनी बारिश के बिना ही बीत जाएगा। झमाझम बारिश की झड़ी के लिए एक और सप्ताह दिल्ली वालों को प्रतीक्षा करनी होगी।

Image Credit: NDTV

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख का इस्तेमाल करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try