[Hindi] बंगाल की खाड़ी में बना मौसमी सिस्टम और प्रभावी हुआ

October 7, 2015 5:43 PM | Skymet Weather Team

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र और गहराकर निम्न दबाव का रूप ले चुका है। यह मौसमी सिस्टम इस समय ओड़ीशा और बंगाल के तटों के करीब है। अगले 24 से 48 घंटों में यह और प्रभावी हो सकता है। निम्न दबाव का यह क्षेत्र उत्तर और उत्तर-पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ रहा है।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार खाड़ी में विकसित हुये निम्न दबाव के रूप में यह मौसमी हलचल कल शाम तक बांग्लादेश के तटों को पार कर सकती है। बांग्लादेश के तटों तक पहुँचने के बाद अनुमान है कि इसकी दिशा पूर्वी हो जाएगी, उसके बाद यह म्यांमार को प्रभावित करेगा।

तटीय ओड़ीशा, दक्षिणी पश्चिम बंगाल, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में अच्छी वर्षा के आसार

ओड़ीशा और दक्षिणी पश्चिम बंगाल के तटों के करीब होने के चलते इन भागों में मौसम बदल गया है। ओड़ीशा के तटीय जिलों में इस समय बारिश की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। हालांकि राज्य के पश्चिमी और आंतरिक भागों में बारिश होने के आसार कम हैं। ओड़ीशा के भागों में इस मौसमी हलचल का प्रभाव अगले 2 दिनों तक बने रहने की संभावना है। इस दौरान तटीय भागों में अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा होगी जबकि एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।

कोलकाता सहित गंगा के मैदानी वाले पश्चिम बंगाल के भागों में भी इसके प्रभाव से बादल छाए हुये हैं और कुछ स्थानों पर बारिश हो रही है। निम्न दबाव के प्रभाव से खाड़ी से सटे इस पूर्वी राज्य में भी अगले 48 घंटों के दौरान मौसम सक्रिय रहेगा और कई जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा होगी। कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश के भी आसार हैं।

पूर्वोत्तर भारत के दक्षिणी राज्यों में इसके चलते बारिश हो रही है। हालांकि आज शाम से नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में बादल बढ़ जाएंगे जिससे बारिश की मात्र और इसके दायरे में भी बढ़ोत्तरी देखने को मिलेगी। इन राज्यों में अगले 2 दिनों तक अच्छी बारिश जारी रहेगी। उत्तरी राज्यों की बात की जाए तो असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है।

Image Credit: pragativadi.com

OTHER LATEST STORIES