[Hindi] दिल्ली में 12 दिसम्बर रहा इस ऋतु का सबसे ठंडा दिन और रात

December 13, 2015 2:28 PM|

delhi-coldदिसम्बर शुरू होते हीदिल्लीवाले कड़ाके की ठंड की अपेक्षा करने लगते हैं। लेकिन मौसम में आ रहे बदलावों के चलते राष्ट्रीय राजधानी में बीते कई दिनों से दिन और रात के तापमान सामान्य से काफी ऊपर रिकॉर्ड किए जा रहे हैं। हालांकि पिछले 2 दिनों के दौरान तापमान में भारी गिरावट आई है जिससे लोगों को सर्दी की अनुभूति होने लगी है।

अधिकतम तापमान में व्यापक कमी दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान जहां 22 डिग्री सेल्सियस था वहीं शनिवार को यह 6 डिग्री गिरकर 15.7 पर आ गया। जिससे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दिन भर शीतलहर के हालात बने रहे। इस शीत ऋतु में न्यूनतम तापमान भी पहली बार शनिवार को गिरकर 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे रात में कड़ाके की ठंड लोगों ने महसूस की।

दिल्ली और आसपास के शहरों में तापमान में आई इस गिरावट के चलते वर्ष 2015 की सर्दी की ऋतु में पहली बार लोगों को अच्छी ठंड का अहसास हुआ। इस समय दिल्ली के लिए औसत अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस है जबकि औसत न्यूनतम तापमान है 8 डिग्री सेल्सियस। लेकिन बीते 24 घंटों के दौरान रिकॉर्ड किए गए तापमान के आंकड़े बताते हैं कि अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री कम तो न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

इससे पहले 5 दिसम्बर को 10.1 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था। न्यूनतम तापमान आमतौर पर घटते हुए एक अंक में दिसम्बर के अंत तक पहुंचता है। क्रिसमस के आसपास उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों पर अच्छी बर्फ पड़ने से ऊंचे भागों में बर्फ की सफ़ेद चादर फैल जाती है। उत्तर से आने वाली बर्फीली हवाएँ दिल्ली सहित समूचे उत्तर भारत के भागों में तापमान को नीचे ले जाती हैं।

इस समय भी तापमान में यह गिरावटजम्मू-कश्मीरऔरहिमाचल प्रदेशमें हुई अच्छी बर्फबारी और उसके बाद इन भागों से नीचे आने वाली सर्द हवाओं के चलते दर्ज की गई है। बर्फबारी के बाद हिमशिखरों से आने वाली इन्हीं सर्द हवाओं ने सामान्य से अधिक चल रहे तापमान में उल्लेखनीय कमी की है। दिसम्बर के बाकी दिनों में तापमान में इसी तरह की गिरावट दर्ज किए जाने की संभावना है। अनुमान है कि दिल्ली में ऐसे कई वाक़यात हो सकते हैं जब दिल्ली में न्यूनतम तापमान एक अंक में यानि 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया जाए।

Image credit: Zeenews.com

 

 

author image