[Hindi] शीतलहर से काँपी दिल्ली, पारा सामान्य से 5 डिग्री कम 4 डिग्री के स्तर पर पहुंचा

December 16, 2020 8:00 AM|

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में उम्मीद के अनुसार तापमान में भारी गिरावट हुई है। 15 दिसम्बर को दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री कम है। इसके साथ ही दिल्ली पर शीतलहर का शिकंजा अब और कस गया है।

जम्मू कश्मीर, हिमाचल, लद्दाख और उत्तराखंड में पिछले सप्ताह भारी हिमपात के कारण दिल्ली और एनसीआर के शहरों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। बीते दो-तीन दिनों से दिल्ली समेत उत्तर भारत के मैदानी शहरों में पारा लगातार नीचे जा रहा है। 13 दिसम्बर को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री, 14 दिसम्बर को 7 डिग्री और 15 दिसम्बर को 4.1 डिग्री दर्ज किया गया।

जिस समय पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही थी उस दौरान दिल्ली में गर्मी की वापसी हो गई थी। 9 दिसम्बर को दिल्ली के सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह क्रम 12 दिसम्बर तक जारी रहा। 12 दिसम्बर को दिल्ली में हल्की वर्षा हुई थी और न्यूनतम तापमान भी बढ़ते हुए सामान्य से 5 डिग्री अधिक 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

अब दिल्ली पर उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं का डेरा अगले तीन-चार दिनों तक जमा रहेगा। इसके चलते दिन और रात दोनों समय तापमान में और कमी आएगी। साथ ही दिल्ली वालों को इस सप्ताह घना कोहरा भी देखने को मिल सकता है। सड़क, हवाई और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।

इससे पहले दिल्ली में दिसम्बर के पहले 11 दिनों में लगातार अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। यह अक्तूबर और नवंबर में दर्ज किए गए तापमान के विपरीत था क्योंकि इन दो महीनों में दिल्ली में अच्छी सर्दी शुरू हो गई थी।

दिल्ली के सफदरजंग में दिसम्बर महीने का औसत न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री है। पिछले एक दशक में दिसम्बर में सबसे अधिक सर्दी यानि सबसे कम न्यूनतम तापमान का उल्लेख करें तो 2013 में 30 दिसम्बर को न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री दर्ज किया गया था, उसके बाद 2014 में 28 दिसम्बर को 2.6 डिग्री रहा था। 2018 में 29 दिसम्बर को 2.6 और 2019 में 28 दिसम्बर को 2.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। इस बार यह सारे रिकॉर्ड टूट सकते हैं। दिसम्बर के आखिर तक पारा 2 डिग्री या उससे भी नीचे पहुँच सकता है।

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

Similar Articles

thumbnail image
आज सूर्य करेगा भूमध्य रेखा पार, बसंत ऋतु की शुरुआत, दिन-रात की अवधि लगभग बराबर

आज, 20 मार्च 2025, बसंत विषुव (Spring Equinox 2025) का दिन है। सूर्य भूमध्य रेखा को पार करेगा, दिन बड़े और गर्म होंगे। उत्तर गोलार्ध में बसंत ऋतु की शुरुआत होगी, दक्षिण गोलार्ध में शरद ऋतु का आगमन होगा। वहीं, सितंबर में यह खगोलीय घटना फिर से होगी।

posted on:
thumbnail image
गर्मी का दायरा बढ़ा! ओडिशा, महाराष्ट्र, तेलंगाना और रायलसीमा में 40°C के पार तापमान, राहत की उम्मीद

देश में समय से पहले गर्मी असर बढ़ रहा है। ओडिशा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश में अभी तापमान से 40°C से ऊपर पहुंच गया है, जिस कारण इन राज्यों में भीषण गर्मी हो रही है। फरवरी 2025, पिछले 125 वर्षों में सबसे गर्म महीना रहा है। कई जगहों पर सामान्य से 6.4°C तक ज्यादा तापमान रिकॉर्ड हुआ है।

posted on:
thumbnail image
दिल्ली में बढ़ेगी गर्मी! शुष्क और तपता रहेगा वीकेंड, बारिश की संभावना हुई कम

दिल्ली में गर्मी बढ़ रही है, पिछले 3 दिनों में तापमान 4°C बढ़ा है। आज अधिकतम 34-35°C, न्यूनतम 17°C तक रह सकता है। मार्च अब तक लगभग शुष्क बना हुआ है, सिर्फ 2mm बारिश दर्ज हुई है। 26-28 मार्च को तापमान 40°C के करीब पहुंचने की संभावना है। वहीं,पश्चिमी विक्षोभ से मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना नहीं है।

posted on:
thumbnail image
[Hindi] सम्पूर्ण भारत का मार्च 21, 2025 का मौसम पूर्वानुमान

अगले 24 घंटे के दौरान, पश्चिम बंगाल, झारखंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और उत्तर छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बिजली चमकने तथा तेज हवाओं की संभावना है।

posted on: