[Hindi] अमृतसर, करनाल, लुधियाना, नजीबाबाद, मेरठ, रोहतक और दिल्ली में दिन में भी चल रही शीतलहर, प्रयागराज में मकर संक्रांति पर होगी कड़ाके की सर्दी

January 12, 2021 8:00 AM | Skymet Weather Team

उत्तर भारत इस समय उम्मीद के मुताबिक बर्फीली हवाओं की गिरफ्त में है। 9-10 जनवरी से बर्फीली हवाओं का प्रभाव पंजाब और हरियाणा को पार करते हुए दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के तमाम हिस्सों में पहुंच गया। यह स्थितियां कम से कम लोहड़ी और मकर संक्रांति तक इसी तरह से बनी रहेंगी। उत्तर पश्चिमी दिशा से चलने वाली शुष्क हवाओं के कारण पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश और समेत उत्तर भारत के तमाम क्षेत्रों में आसमान साफ रहेगा मौसम शुष्क ही बना रहेगा। लेकिन सर्दी पीछा नहीं छोड़ने वाली। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगा और यमुना के पवित्र संगम पर इस समय माघ मेला शुरू हो गया है।

माघ मेले में 6 मुख्य स्नान पर्व होते हैं और इस श्रृंखला की शुरुआत मकर संक्रांति को 14 जनवरी से होगी। मकर संक्रांति के दिन माघ मेला में स्नान का पुण्य प्राप्त करने पहुंचे श्रद्धालुओं को बारिश जैसी मुश्किलों का सामना तो नहीं करना पड़ेगा, लेकिन बर्फीली हवाएं और बर्फ का आभास कराता गंगा का पवित्र जल श्रद्धालुओं को ज्यादा लंबे समय तक नदी में डुबकी लगाने नहीं देगा।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मध्य और पूर्वी इलाकों में 10 जनवरी तक अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ था। लेकिन अब धीरे-धीरे पारा गिरना शुरू हुआ है। दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट आई है। तुलनात्मक रूप में देखें तो पश्चिमी शहर मेरठ में 11 जनवरी को अधिकतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री कम 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम 6.1 डिग्री रहा। वहीं पूर्वी नगर प्रयागराज में अधिकतम तापमान 22 डिग्री रहा जो कि सामान्य है। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

अब 12 जनवरी से 15-16 जनवरी तक पश्चिमी ठंडी हवाएं प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, लखनऊ, बांदा, चित्रकूट, जौनपुर, प्रतापगढ़ समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश शहरों पर अपना शिकंजा कसेंगी और कड़ाके की सर्दी इस दौरान देखने को मिलेगी। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली में बीते दो-तीन दिनों के जैसा ही मौसम आगामी 3-4 दिनों के दौरान अपेक्षित है। यानि दिन में भी सर्दी और रात में भी सर्दी।

11 जनवरी को उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी राज्यों में उन शहरों के तापमान पर एक नजर जहां लोगों को भीषण सर्दी का सामना करना पड़ा

अमृतसर में 10.6 डिग्री, पठानकोट में 11.9 डिग्री, लुधियाना में 14.7 डिग्री, करनाल में 14 से 3 डिग्री, रोहतक में 15 डिग्री, सिरसा में 15. 6 डिग्री, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पालम में 15.8 डिग्री, अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। इन सभी शहरों में दिन का तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री, सेल्सियस तक नीचे रहा।

Image credit: India Today

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

OTHER LATEST STORIES