उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाके घने कोहरे और शीतलहर की चपेट में हैं। राजधानी लखनऊ सहित कई स्थानों पर पारा और गिरा है जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में कोहरा बढ़ने से न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है लेकिन अधिकतम तापमान में गिरावट हुई है। उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ठंड ने अपना प्रभाव और बढ़ा दिया है।
स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 8 जनवरी को मध्यम उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते कोहरे में कमी आई थी जिससे दिन में धूप दिखी और दिन में शीतलहर जैसी स्थिति से राहत मिली थी। लेकिन 9 जनवरी को फिर से कोहरे का प्रकोप बढ़ गया। कोहरे ने सूरज के तेज़ को फीका कर दिया और सूरज अपना असर नहीं दिखा पाया। इसके चलते दोपहर में 12 बजे तक तापमान 10 डिग्री ही पहुंचा है। अनुमान है कि आज अधिकतम तापमान में बहुत इज़ाफ़ा नहीं होगा जिससे दिन में शीतलहर जैसी स्थितियाँ आज बनी रहेंगी।
[yuzo_related]
शाहजहाँपुर, बरेली, मुरादाबाद और रामपुर जैसे उत्तर प्रदेश के अन्य भागों में भी घना कोहरा छाया रहा जिससे दिन में कड़ाके की ठंड से निज़ात मिलती दिखाई नहीं दे रही है। लखनऊ में 7 जनवरी को जहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री था वहीं 9 जनवरी को बढ़कर 6.4 डिग्री पहुँच गया। लेकिन सामान्य से लगभग 10 डिग्री कम के स्तर पर बना अधिकतम तापमान लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने दे रहा है।
लखनऊ के अलावा राज्य के अन्य शहर भी ठंड से काँप रहे हैं। बरेली में कल 9.2 डिग्री, सुल्तानपुर में 12.8 डिग्री, बहराइच में 14 डिग्री, गोरखपुर में 15 डिग्री और शाहजहनपुर में 15.8 डिग्री अधिकतम तापमान रहा जिससे इन भागों में शीतलहर ने दिन में भी लोगों को राहत नहीं लेने दी।
अनुमान है कि उत्तर-पश्चिमी हवाएँ अब प्रभावी हो रही हैं जिसके चलते उत्तर प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में छा रहा घना कोहरा कम होगा और तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी। इस बदलाव से निःसन्देह लोगों को राहत मिलेगी लेकिन अभी 2-3 दिन का इंतज़ार और करना होगा।
Image credit: IMD
कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार:skymetweather.comअवश्य लिखें।