[Hindi] बिहार और झारखण्ड में प्रचंड गर्मी से राहत की उम्मीद, कुछ भागों में जारी रहेगी गर्मी

June 16, 2019 4:14 PM | Skymet Weather Team

पिछले कुछ घंटों के दौरान बिहार और झारखंड के कुछ भागों में प्रचंड लू का प्रकोप जारी रहा। आद्रता में बढ़ोतरी के कारण जन-जीवन अस्त व्यस्त बना रहा। हालांकि, झारखंड के दक्षिणी भागों में कुछ स्थानों पर गरज और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई।

बिहार के उत्तर पूर्वी भागों जैसे किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और सुपौल आदि जगहों पर हल्की वर्षा दर्ज की गयी।

इस समय, बिहार के उत्तरी भागों में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इस प्रणाली से एक ट्रफ रेखा झारखण्ड से होते हुए पश्चिम बंगाल के तटीय भागों तक पहुंच रही है।

इस प्रणाली के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी में भी एक चक्रवाती क्षेत्र बना हुआ है। इन प्रणालियों के कारण गर्म और नम हवाएं इन राज्यों को प्रभावित कर रही है। जिसके कारण आने वाले समय में बादलों में वृद्धि होगी तथा दिन के तापमान में भी गिरावट होगी।

अगले 24 घंटों के दौरान, बिहार के पश्चिमी भागों तथा झारखंड के उत्तरी भागों का मौसम अधिक उमस के साथ काफी गर्म बना ले रहेगा। एक-दो स्थानों पर लू जैसे हालात भी संभव है। जबकि, अन्य स्थानों पर गरज और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश के आसार हैं।

इस तरह का मौसम अगले 2-3 दिनों तक यानि 19 जून तक बने रहने की उम्मीद है।

Image Credit:DNA India

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें ।

OTHER LATEST STORIES