[Hindi] भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, खजुराहो, बिलासपुर, अम्बिकापुर, रायपुर में वर्षा के आसार

October 4, 2017 5:10 PM | Skymet Weather Team

मध्य प्रदेश में लंबे समय से बारिश नहीं हुई है। हालांकि छत्तीसगढ़ के अधिकतर इलाकों में मुख्यतः शुष्क मौसम के बीच कुछ स्थानों पर अंतराल पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिली हैं। शुष्क मौसम के बीच मध्य प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है जिससे दिन में मौसम गर्म बना हुआ है। इस बीच दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश होने की संभावना बन रही है।

इस समय मध्य भारत में दक्षिण-पूर्वी आर्द्र हवाएँ उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं से मिल रही हैं। इसके चलते मध्य प्रदेश के दक्षिण पूर्वी हिस्सों और छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर गरज के साथ हल्की वर्षा होने के आसार हैं। इन भागों में बारिश की गतिविधियां 7 अक्टूबर तक जारी रहेंगी। इस दौरान कहीं-कहीं मध्यम बौछारें गिरने की भी संभावना है। दोनों राज्यों में 7 अक्टूबर के बाद कुछ समय के लिए वर्षा बंद हो जाएगी। गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 10 अक्टूबर के आसपास उत्तर प्रदेश के मध्य भागों से मध्य प्रदेश होते हुए महाराष्ट्र तक एक ट्रफ रेखा विकसित हो सकती है। इसके अलावा इसी दौरान ओड़ीशा से एक चक्रवाती सिस्टम पूर्वी उत्तर प्रदेश पर पहुँचने वाला है। इन सिस्टमों के प्रभाव से मध्य प्रदेश के पूर्वी व दक्षिणी भागों और छत्तीसगढ़ के उत्तरी तथा मध्य हिस्सों में 10 से 13 अक्टूबर के मध्य कई जगहों पर हल्की से मध्यम और एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की जा सकती है।

[yuzo_related]

मध्य भारत के दोनों राज्यों में शुरू होने वाले बारिश के अगले दौर में 10 से 13 अक्टूबर के बीच अच्छी बारिश की उम्मीद आप कर सकते हैं। इस दौरान राजधानी भोपाल सहित इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, देवास, रीवा, दमोह, सतना और खजुराहो सहित मध्य प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी भागों में हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी वर्षा का अनुमान है। इसी तरह छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर, बिलासपुर, राजनन्दगाँव, रायगढ़ सहित अधिकांश भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

दूसरी ओर गुना, रतलाम, ग्वालियर सहित उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क और गर्म मौसम जारी रहेगा। इन भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है।

Image credit: Tarun (Twitter)

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES