[Hindi] भागलपुर में हुई मूसलाधार वर्षा; बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल में 24 घंटों तक बनी रह सकती है बारिश

October 11, 2017 5:56 PM | Skymet Weather Team

बिहार, झारखंड और इससे सटे पश्चिम बंगाल पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी भी सक्रिय है। इसकी वर्तमान क्षमता अगले 24 घंटों तक बनी रह सकती है जिससे इन भागों में बारिश जारी रहने की संभावना है। मंगलवार की सुबह 8:30 बजे से बीते 24 घंटों के दौरान बिहार के पूर्वी भागों, पूर्वी झारखंड और पश्चिम बंगाल में घने बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर भीषण बारिश दर्ज की गई।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार निम्न दबाव का क्षेत्र बिहार और इससे सटे झारखंड तथा पश्चिम बंगाल पर बना हुआ है। इसके प्रभाव से पूर्वी भारत के राज्यों में बंगाल की खाड़ी से आर्द्र हवाएँ पहुँच रही हैं और बादल छाए हुए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक बारिश बिहार के भागलपुर में देखने को मिली। यहाँ मौसम केंद्र ने 153 मिलीमीटर की भीषण वर्षा रिकॉर्ड की है। अन्य हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। पटना में 1 मिलीमीटर जबकि गया और सुपौल में 4 मिलीमीटर बारिश हुई।

[yuzo_related]

झारखंड में मौसम सक्रिय रहा। हालांकि अधिकतर स्थानों पर हल्की बारिश ही देखने को मिली। रांची और कोलकाता में कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा हुई। जमशेदपुर में 9 मिलीमीटर वर्षा हुई है। इसी तरह पश्चिम बंगाल के बिहार और झारखंड से सटे हिस्सों में भी मौसम सक्रिय है। इन भागों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा रिकॉर्ड की गई है। मिदनापुर में 16 और शांतिनिकेतन में मौसम केंद्र ने 11 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की। पूर्वी भारत में गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।

मौसमी सिस्टम की वर्तमान क्षमता में धीरे-धीरे कमी आ रही है जिससे पूर्वी भारत में मौसमी हलचल में और कमी आएगी। अगले 24 घंटों के पश्चात यह निम्न दबाव का क्षेत्र निष्प्रभावी हो जाएगा। हालांकि इस दौरान वर्धमान, बांकुरा, पुरुलिया, शांतिनिकेतन, जमशेदपुर, रांची, पटना, भागलपुर, गया और आसपास के हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा जबकि एक-दो स्थानों पर मध्यम वर्षा होने के आसार हैं।

Image credit:

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES