[Hindi] भागलपुर, किशनगंज, पुर्णिया, अररिया में हल्की वर्षा; पटना, गया, रांची शुष्क मौसम

October 30, 2017 5:57 PM | Skymet Weather Team

बिहार के उत्तर-पूर्वी भागों में अगले 24 घंटों के दौरान गरज के साथ कहीं-कहीं हल्की और एक-दो स्थानों पर मध्यम वर्षा के आसार हैं। बिहार के अन्य हिस्सों तथा झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में लगभग सभी भागों में मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले 24 घंटों के बाद बारिश कम होगी और दक्षिण-पूर्वी हवाओं का प्रभाव भी घटेगा। इस दौरान बिहार और झारखंड में कहीं-कहीं सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बांग्लादेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इस सिस्टम से एक ट्रफ रेखा बिहार तक बनी हुई है और मौसम को प्रभावित कर रही है। इन दोनों मौसमी सिस्टमों के चलते बंगाल की खाड़ी से उठ रही दक्षिण-पूर्वी हवाएं बिहार और झारखंड सहित पूर्वी भारत के कई भागों में बनी रहेंगी। इन हवाओं में नमी अधिक है जिससे क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है।

बिहार और झारखंड के कई हिस्सों में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। बिहार के उत्तर-पूर्वी जिलों विशेषकर किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, भागलपुर और आसपास के भागों में अगले 24 घंटों के दौरान गरज के साथ हल्की वर्षा दर्ज की जा सकती है। इन भागों में छिटपुट जगहों पर मध्यम बौछारें भी दर्ज की जा सकती हैं। इसके अलावा बिजली गिरने की आशंका है। पटना, गया, रांची, जमशेदपुर, डाल्टनगंज सहित दोनों राज्यों के शेष हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

अगले 24 घंटों के बाद मौसमी सिस्टम कमजोर हो जाएंगे जिसके चलते पूर्वी भारत के राज्यों में आने वाली पूर्वी हवाओं में कमी आएगी और बारिश की गतिविधियां बंद हो जाएंगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में अगले 24 से 48 घंटों के बाद हवाओं के रुख में बदलाव होगा और दक्षिण-पूर्वी हवाओं की जगह लेंगी उत्तर-पश्चिमी हवाएँ। हवा बदलने से न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। इस बीच बिहार के पूर्वी तथा उत्तर-पूर्वी झारखंड में स्थानों पर कुहासे के बीच कहीं-कहीं हल्का कोहरा छाने की संभावना है।

Image credit: The Hindu

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES