[Hindi] लेह में पारा शून्य से नीचे; गुलमर्ग, पहलगाम, मनाली में भी कड़ाके की सर्दी शुरू

November 2, 2017 4:00 PM | Skymet Weather Team

उत्तर भारत के पहाड़ों पर लंबे समय से बारिश नहीं हुई है। बर्फबारी भी अब तक देखने को नहीं मिल रही है फिर भी पारा गिरना शुरू हो गया है और कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। लेह में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। गुलमर्ग, पहलगाम, श्रीनगर, कुल्लू और धर्मशाला में भी पारा गिरा है जिसके चलते इन भागों में सुबह और रात के समय अच्छी सर्दी का शुभारंभ हो चुका है।

इस समय के मौसमी परिदृश्य के अनुसार उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में कोई मौसमी हलचल नहीं है। इस सप्ताह के आखिर तक बारिश के कोई संकेत नहीं है। लेकिन तापमान में गिरावट का जो सिलसिला शुरू हुआ है, वो अब आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। इसकी वजह है कि जल्द कोई प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ आता दिखाई नहीं दे रहा है।

इस सप्ताह के आखिर तक मनाली, कालपा, केलोंग में न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। गुलमर्ग, पहलगाम, श्रीनगर में भी रात का तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस के करीब रिकॉर्ड किया जाएगा। दूसरी ओर कटरा, धर्मशाला, कुल्लू और शिमला में पारा 8 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है। अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, जोशीमठ, नैनीताल, टिहरी में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास 5 से 10 डिग्री के बीच दर्ज किया जाएगा।

[yuzo_related]

तीनों पर्वतीय राज्यों में तापमान में धीरे-धीरे और गिरावट होगी। इसके चलते अधिकतर हिस्सों में सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है। जबकि दिन में आसमान स्वच्छ होगा जिससे चमकती धूप खिली रहेगी। पहाड़ों पर खूबसूरत वादियों की सैर भला किसे नहीं अच्छी लगती। इसके लिए यह समय अनुकूल है क्योंकि मौसम बाधा नहीं बनने वाला। लेकिन अगर बर्फबारी का नज़ारा देखने के लिए आप पहाड़ों का रुख करना चाहते हैं तो यह सही समय नहीं है।

Image credit: Daily Excelsior

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES