[Hindi] सितंबर का पहला मॉनसून सिस्टम होने वाला है विकसित, मॉनसून की वापसी में होगा विलंब

September 11, 2020 3:00 PM | Skymet Weather Team

बंगाल की खाड़ी के मध्य पश्चिमी भागों में अगले 24 से 48 घंटों में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित होने वाला है। यह सिस्टम उत्तरी आंध्र प्रदेश और इससे सटे ओडिशा के तटों के पास विकसित हो सकता है। यहाँ आज पहले एक चक्रवाती सिस्टम बनेगा उसके बाद आगामी 24 से 48 घंटों में यानि 12 या 13 सितंबर को यह निम्न दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो सकता है। 

इससे पहले आखिरी निम्न दबाव का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी पर 24 अगस्त को बना था, जो अगस्त का 5 मौसमी सिस्टम था। वह सिस्टम मध्य भारत की तरफ गया था जिसके चलते मध्य प्रदेश में कई जगहों पर बाद का संकट उत्पन्न हो गया था। संभावित मौसमी सिस्टम 13 सितंबर को उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा से जमीनी भागों पर प्रवेश कर सकता है। इसी दिन इन दोनों क्षेत्र और तेलंगाना, विदर्भ, छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश होगी। 

उम्मीद है कि 13 से 18 सितंबर के बीच मध्य भारत के राज्यों पर इसका प्रभाव रहेगा जिससे मॉनसून सक्रिय बना रहेगा। मध्य भारत के अन्य क्षेत्रों जिसमें महाराष्ट्र के मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण गोवा, मध्य प्रदेश, गुजरात के पूर्वी हिस्सों और पूर्वी राजस्थान तक यह मॉनसून को सक्रिय करेगा। हमारा अनुमान है कि 14 और 15 सितंबर को महाराष्ट्र तथा पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी बारिश दर्ज की जाएगी। इस सिस्टम का प्रभाव उत्तरी मध्य प्रदेश और यहाँ तक कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी 16 से 18 सितंबर के बीच दिखेगा। इन भागों में हल्की बारिश दर्ज की जाएगी। 

इस बीच सितंबर के शुरुआती 10 दिनों में औसत से कम बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान जितनी बारिश होनी थी उससे 29% कम वर्षा हुई है। लेकिन आगामी दिनों में एक के बाद एक दो मौसमी सिस्टम बंगाल की खाड़ी पर बनने वाले हैं जिससे हम उम्मीद कर सकते हैं कि इस कमी की भरपाई हो जाएगी। इन सिस्टमों से बारिश मुख्यतः मध्य और दक्षिण भारत के कुछ भागों में दर्ज की जाएगी। 

मौसमी सिस्टमों के आधार यह अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले तकरीबन दो हफ्तों तक बंगाल की खाड़ी और अरब सागर दोनों ओर से मॉनसून को मदद मिलती रहेगी। पूर्वी हवाएँ गंगा के मैदानी भागों से लेकर राजस्थान तक चलती रहेंगी। इसके चलते मॉनसून की वापसी में कुछ देरी हो सकती है। आमतौर पर 15 सितंबर से पश्चिमी राजस्थान से मॉनसून वापसी करता है जबकि दिल्ली से इसकी वापसी 21 सितंबर को हो जाती है। आगामी सिस्टमों के चलते राजस्थान से मॉनसून की वापसी 15 दिनों के लिए टल सकती है। 

Image credit: India TV

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

OTHER LATEST STORIES