[Hindi] दिल्ली-एनसीआर में मार्च के आखिर तक पारा पहुंचेगा 37 डिग्री तक; बढ़ेगी गर्मी

March 26, 2018 4:20 PM|

Delhi pleasant weatherदिल्ली में 20-21 मार्च को हुई हल्की बारिश के बाद से मौसम शुष्क हो गया है। आसमान साफ है और दिन में निरंतर तेज़ धूप का असर बढ़ने लगा है। हालांकि पिछले सप्ताह में उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में हुई बर्फबारी के बाद पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं ने दिल्ली की सुबह और शाम में सर्दी बढ़ा दी। यह अलग बात है कि दिन में तेज धूप ने हवाओं का प्रभाव कम कर दिया है जिससे तापमान में क्रमशः वृद्धि देखने को मिल रही है।

वर्तमान मौसमी परिदृश्य के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इससे सटे शहरोंनोएडा,गुरुग्राम,गाजियाबाद,फरीदाबादतथा आसपास के भागों पर कोई ऐसा सक्रिय मौसमी सिस्टम विकसित होता दिखाई नहीं दे रहा है। इसके चलते कम से कम अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा। दिन में तेज धूप का असर बढ़ता जाएगा। तापमान ऊपर चढ़ेगा और गर्मी धीरे-धीरे अपना शिकंजा कसेगी।

हालांकि उत्तर-पश्चिम से आ रही तुलनात्मक रूप में शीतल हवाओं के चलते सुबह और रात में अगले 2 दिनों तक हल्की ठंडक बनी रहेगी। दिन में भी धूप प्रचंड प्रतीत नहीं होगी क्योंकि यह हवाएं धूप के असर को कुछ कम करेंगी। तापमान के आंकड़ों में अगर देखें तो मार्च का महीना दिल्ली के लिए फरवरी से बेहतर रहा क्योंकि फरवरी की समाप्ति तक पारा बढ़ते हुए जहां 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था वहीं मार्च में यह अधिकांश समय औसतन 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा रहा है।

[yuzo_related]

पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के सफदरजंग में दिन का तापमान 32.5डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। इसी समय पालम में अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री तक पहुँच गया। अगले कुछ दिनों के दौरान हम उम्मीद कर रहे हैं कि दिल्ली में साफ और शुष्क मौसम के बीच तापमान में वृद्धि जारी रहेगी लेकिन भीषण गर्मी से राहत बनी रहेगी। मार्च के आखिर तक अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।

Image credit: TheLalit.com

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार:skymetweather.comअवश्य लिखें।

 

 

author image