[Hindi] जम्मू कश्मीर के पास फिर आ रहा है एक पश्चिमी विक्षोभ, पहाड़ों पर हो सकती है बारिश और बर्फबारी

February 7, 2021 12:30 PM | Skymet Weather Team

उत्तर भारत से हाल ही में एक पश्चिमी विक्षोभ गुजरा है और इसके चलते जम्मू कश्मीर से लेकर लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक कई जगहों पर बारिश व बर्फबारी दर्ज की गई है। इस सिस्टम के आगे जाने के बाद 5 फरवरी से पर्वतीय राज्यों में मौसम साफ बना हुआ है। बारिश की गतिविधियां देखने को नहीं मिल रही हैं। उम्मीद है कि इसी तरह से 8 फरवरी तक जम्मू कश्मीर, गिलगित-बालटिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम साफ रहेगा।

इस बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर की तरफ बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। यह सिस्टम 8 फरवरी के आसपास जम्मू कश्मीर के करीब आ जाएगा। लेकिन आगामी सिस्टम काफी कमजोर होगा जिसके कारण बहुत व्यापक वर्षा या बर्फबारी उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में होने की संभावना या आशंका फिलहाल नहीं है। कमजोर होने के साथ-साथ यह सिस्टम उत्तरी दिशा से होकर आगे बढ़ेगा जिसके कारण पश्चिमी हिमालय भारत के कुछ ही इलाके इससे प्रभावित होंगे।

उम्मीद है कि 9 फरवरी से पहाड़ों पर मौसम करवट लेगा और जम्मू-कश्मीर, गिलगित-बालटिस्तान, मुजफ्फराबाद में कुछ स्थानों पर वर्षा और हिमपात की गतिविधियां शुरू होंगी। यह गतिविधियां 24 घंटों के बाद बढ़ सकती हैं और 10 फरवरी को जम्मू कश्मीर के अलावा लद्दाख और उत्तरी हिमाचल प्रदेश में भी कहीं-कहीं पर हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।

लेकिन जैसा कि हमने बताया यह सिस्टम ज्यादा सक्रिय नहीं होगा जिससे व्यापक वर्षा और बर्फबारी की आशंका फिलहाल नहीं है और इन गतिविधियों से पहाड़ों पर सामान्य जनजीवन पर भी किसी विपरीत प्रभाव की आशंका फिलहाल नहीं है।

आगामी सिस्टम के कमजोर होने के कारण ही उत्तर दिशा से चल रही पश्चिमी ठंडी हवाओं की रफ्तार और उनकी दिशा में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा जिससे उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली एनसीआर, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के शहरों में तापमान में जो गिरावट हुई है यह बनी रहेगी। हालांकि इन मैदानी क्षेत्रों में दिन में मौसम पूरी तरह से साफ और शुष्क रहने की संभावना है।

Image credit: Daily Excelsior

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

OTHER LATEST STORIES