[Hindi] मध्य प्रदेश में लू का कहर, महाराष्ट्र के हिस्से भी हो सकते हैं प्रभावित

March 30, 2019 2:35 PM | Skymet Weather Team

दक्षिणी मध्य प्रदेश के खरगोन शहर में कल का अधिकतम तापमान 44.5°C दर्ज किया गया जो की इस साल मार्च महीने में अब तक का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान है। इससे यह साफ़ तौर पर कहा जा सकता है कि लू की मार झेल रहे राज्यों में दक्षिण भारत, राजस्थान और गुजरात के बाद अब मध्य प्रदेश शामिल हो सकता है।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में उत्तर मध्य महाराष्ट्र सहित विदर्भ के लोगों को भी लू का कहर झेलना पड़ सकता है। इसके अलावा मार्च के महीने में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों के तापमान में बढ़त दर्ज की गयी है।

बीते कई दिनों से दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के साथ-साथ पश्चिमी मध्य प्रदेश पर भी कोई मौसमी सिस्टम न होने के कारण इन इलाकों के तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है। इसके अलावा वर्तमान में पश्चिम और उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवायें भी इन राज्यों में प्रभावी रहीं हैं जिसके कारण यहां के तापमान में वृद्धि देखी गयी है। ये हवाएं राजस्थान और दक्षिणी सिंध की ओर से आ रही हैं जहां पर तापमान सामान्य से काफी अधिक है।

मौसम विशेषज्ञों की मानें तो इन स्थानों पर आने वाले 3 से 4 दिनों तक लू की स्थिति बनी रहेगी। जिसके कारण यहाँ के तापमान में भी खासी बढ़त देखने को मिल सकती है। वहीं भारत के अन्य राज्यों को भी लू अपनी चपेट में ले सकता है। वर्तमान में मौसम की गतिविधियों को देख कर कहा जा सकता है कि अप्रैल की शुरुआत के साथ ही भारत में औपचारिक रूप से गर्मियां भी शुरू हो जाएंगी।

Image Credit : dnaindia.com

कृपया ध्यान दें : स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

OTHER LATEST STORIES