Goa Weather: फरवरी में ही तपने लगा गोवा, पारा तेजी से चढ़ा
पश्चिमी तट पर इस समय गर्मी का असर तेज हो गया है। सभी स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है, कई जगहों पर तापमान 35°C का आंकड़ा पार कर चुका है। 10 फरवीर को सबसे गर्म स्थान कारवार (Karwar) रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.6°C दर्ज किया गया। वहीं, मुंबई, गोवा, मंगलौर और होनावर में भी दिन का तापमान 35°C या उससे अधिक रिकॉर्ड हुआ है।
गोवा में तापमान सामान्य से अधिक:
गोवा में बीते 15 दिनों में तीसरी बार 35°C से अधिक तापमान दर्ज किया गया। कल(10 फरवरी) यहां अधिकतम 35.5°C रहा, जो सामान्य से 4°-5°C अधिक था। इससे पहले 25 और 26 जनवरी 2025 को भी तापमान इसी स्तर पर पहुंचा था। गोवा में पिछले चार दिनों से लगातार तापमान मध्य-30°C पर बना हुआ है। बता दें, गोवा पश्चिमी तट के कोंकण क्षेत्र में स्थित है और पश्चिमी घाट इसे डेक्कन के पठार से अलग करता है।
गोवा में समय से पहले गर्मी शुरू:
आमतौर पर नवंबर से फरवरी के बीच गोवा घूमने का सबसे अच्छा समय माना जाता है, क्योंकि इस दौरान मौसम सुहावना रहता है और अत्यधिक गर्मी पर्यटकों को परेशान नहीं करती। लेकिन इस साल मौसम के लिहाज से गर्मी कुछ जल्दी ही शुरू हो गई है और तापमान 35°C से अधिक पहुंच चुका है।
समुद्र तटों पर होने वाली उच्च आर्द्रता (Humidity) की वजह से दोपहर के समय असहज स्थिति बन जाती है। हालांकि, दोपहर और शाम को चलने वाली समुद्री हवा (Sea Breeze) तापमान को कम कर देती है और गर्मी से कुछ राहत देती है।
गोवा में क्यो बढ़ रहा तापमान:
कोंकण और गोवा क्षेत्र में हवा का पैटर्न इस समय असामान्य है, जिसके कारण तापमान में इतना ज्यादा बढ़ रहा है। राजस्थान और मध्य प्रदेश पर बनने वाला मौसमी एंटीसाइक्लोन (उच्च दबाव क्षेत्र) इस बार पूर्व की ओर ओडिशा, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र तक खिसक गया है। वहीं, दूसरा एंटीसाइक्लोन उत्तर और उत्तर-पूर्वी अरब सागर में कोंकण और गुजरात तट के पास बना हुआ है।
इन दोनों मौसमी प्रणालियों के बीच कोंकण और गोवा क्षेत्र दबाव में आ गया है। इस वजह से स्थलीय हवाएं (Land Breeze) लंबे समय तक बनी रहती हैं और समुद्री हवाएं देर से पहुंचती हैं। समुद्री हवा देर से चलने के कारण दिन के तापमान में बढ़ रहा है।
आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहेगा?
इस सप्ताह पश्चिमी घाट पर यही मौसम स्थिति बनी रहने की संभावना है। कोंकण और गोवा में तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। अधिक आर्द्रता (Humidity) और बढ़ते तापमान से गर्मी का अहसास और ज्यादा होगा। सुबह 10:00 बजे से लेकर दोपहर 4:00 बजे तक उमस और चिपचिपाहट सबसे ज्यादा रहेगी। शाम और रातें अपेक्षाकृत ठंडी और आरामदायक होंगी, क्योंकि इस दौरान मध्यम गति से समुद्री हवा चलने लगेगी। आने वाला मार्च महीना और भी ज्यादा उमस भरा रहेगा। तापमान बढ़ने और चिपचिपे मौसम की वजह से पर्यटकों की संख्या में कमी आ सकती है।





