दिल्ली में धूल भरी आंधी और तूफान जारी, अगले हफ्ते पड़ सकती है गर्मी की मार

June 6, 2024 1:52 PM | Skymet Weather Team

दिल्ली/एनसीआर में कल(5 मई) की शाम और रात को धूल भरी आंधी और गरज के साथ बारिश हुई। इस दौरान तेज हवाएं भी चलीं और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई। मौसम की यह गतिविधि दिल्ली में लगभग आधी रात तक जारी रही। वहीं, दिल्ली में रात 8 बजे से 11 बजे के बीच तापमान में लगभग 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। पूरी रात और सुबह-सुबह शहर और उपनगरों में मध्यम ठंडी हवा चलती रही।

दिल्ली के तापमान में उतार-चढ़ाव: राजधानी शहर में आज भी 44°C तापमान दर्ज किया, जो सामान्य से लगभग 4°C अधिक है। जिससे दिल्ली में लू चलने की स्थिति बन रही है। हालांकि, आज न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ सामान्य से 3°C नीचे चला गया है। वहीं, एक दिन पहले 5 जून को न्यूनतम तापमान 31°C था, जो इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है। अब न्यूनतम तापमान 4-5°C तक बढ़ जाएगा और दिन का तापमान लगभग 41°C पर रुक सकता है।।

ऐसी बन रही मौसम प्रणाली: सिनोप्टिक फीचर्स में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। मध्य पाकिस्तान और इससे सटे सीमावर्ती इलाकों पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक और निम्न स्तर का परिसंचरण चिह्नित है। इन दोनों प्रणालियों से जुड़ने वाली पूर्व-पश्चिम ट्रफ़ रेखा पूर्व की ओर आगे बढ़ रही है। जो दिल्ली के बहुत करीब है लेकिन उत्तर की ओर चल रही है। आमतौर पर मौसम ट्रफ लाइन के दक्षिण में ज्यादा एक्टिव रहता है।

सिनोप्टिक फीचर्स क्या होते हैं: सिनॉप्टिक फीचर्स मौसम विज्ञान में उन विशेषताओं और स्थितियों को बताते है, जो बड़े क्षेत्र में मौसम के पैटर्न और घटनाओं को प्रभावित करती हैं। इनमें विभिन्न मौसम प्रणालियों जैसे कि उच्च और निम्न दबाव क्षेत्र, चक्रवाती और प्रतिचक्रवाती परिसंचरण, गर्त रेखाएं (ट्रफ लाइन्स), और वायुमंडलीय विक्षोभ (डिस्टर्बेंस) शामिल होते हैं। ये विशेषताएं एक बड़े क्षेत्र में मौसम की गतिविधियों और स्थितियों को निर्धारित करने में मदद करती हैं, जैसे कि बारिश, आंधी, तापमान में बदलाव आदि।

आँधी के बाद चलेगी लू:  06 से 08 जून के दौरान दिल्ली/एनसीआर में धूल के साथ आँधी चलने की स्थिति बन रही हैं। आँधी चलने की संभावना कल ज्यादा और आज बहुत कम है। मौसम की गतिविधि 8 जून को खत्म हो जाएगी, इसके बाद अगले सप्ताह गर्म और उमस भरी स्थिति फिर से वापस आ जाएगी। दिल्ली में पारा एक बार फिर 45 डिग्री सेल्सियस तक या इससे अधिक भी हो सकता है। जिससे राष्ट्रीय राजधानी में एक और लू का दौर शुरू हो सकता है।

फोटो क्रेडिट: पीटीआई

OTHER LATEST STORIES