सितंबर में दिल्ली का सबसे गर्म दिन, सप्ताहांत तक तापमान में गिरावट की उम्मीद

September 24, 2024 12:50 PM | Skymet Weather Team

दिल्ली में कल (23 सितंबर) इस महीने का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। सफदरजंग बेस स्टेशन पर अधिकतम तापमान 37°C मापा गया, जो सामान्य से लगभग 3°C अधिक है। इस क्षेत्र में सबसे अधिक तापमान पीतमपुरा में था, जो सफदरजंग से भी एक डिग्री ज्यादा था। इससे पहले दिल्ली में ज्यादातर तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया था। दिल्ली में आज (24 सितंबर) और कल (25 सितंबर) भी इसी तरह का तापमान रहने की संभावना है। आज के दिन पारा 38°C तक पहुंच सकता है और कल से तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद के दिनों में तापमान 27 से 29 सितंबर के बीच 30°C से भी नीचे आ सकता है।

सितंबर में गर्म और उमस भरे दिन: सितंबर का महीना गर्म और उमस भरे दिनों के लिए जाना जाता है। इस महीने में बारिश कम हो जाती है और अच्छी धूप निकलने से तापमान बढ़ता है। बता दें, अधिकतम तापमान 38°C से अधिक होना असामान्य नहीं है। कभी-कभी पारा 40°C का आंकड़ा भी पार कर जाता है। रिकॉर्ड पर सबसे अधिक तापमान 40.6°C है, जो 16 सितंबर 1938 को मापा गया था। बता दें, अधिकतम तापमान ज्यादातर सितंबर महीने के पहले पखवाड़े (शुरूआती15 दिन) में दर्ज होता है।

दिल्ली का सितंबर महीना में अधिकतम तापमान (°C) (साल 2009 से 24 तक)

सितंबर 2024 सामान्य से ठंडा: सितंबर 2024 सामान्य से ठंडा प्रतीत हो रहा है, क्योंकि तापमान केवल चार बार 36°C से अधिक पहुंचा है। इस महीने में सामान्य से अधिक बारिश के दिन दर्ज हुए हैं। जिसमें बेस वेधशाला ने 193 मिमी बारिश दर्ज की है, जबकि सामान्य बारिश 123.5 मिमी होती है। वहीं, सितंबर में तीन दिनों तक तापमान 30°C से कम रहा। 19 सितंबर 2024 को न्यूनतम तापमान 21.1°C तक गिर गया था।

बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र: बहुत जल्द बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली की आंतरिक गति से मौसमी मानसून ट्रफ अपने सामान्य स्थान से दक्षिण की ओर खिसक जाएगी, जो दिल्ली से काफी दूर दक्षिण में होगी। मानसून ट्रफ का यह उतार-चढ़ाव और पूर्वी हवाओं का स्थिर प्रवाह दिन के तापमान को काफी हद तक कम कर देगा। इसके अलावा, 25 से 28 सितंबर के बीच दिल्ली में मानसूनी बारिश की संभावना है। 25 सितंबर को हल्की बारिश और 26 से 28 सितंबर के बीच अधिक तेज और लगातार बारिश होने के आसार हैं।

OTHER LATEST STORIES