मुंबई में मानसून की विदाई में देरी,एक सप्ताह तक हल्की-फुल्की बारिश

October 4, 2024 12:48 PM | Skymet Weather Team

देशभर से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी पिछले सप्ताह शुरू हो गई है। मानसून की धारा पहले ही गुजरात के कुछ हिस्सों और मुंबई के आस-पास के क्षेत्रों से हट चुकी है। अगले पड़ाव में मुंबई शामिल हो सकता है, लेकिन इसमें एक सप्ताह या उससे अधिक की देरी हो सकती है। मुंबई के कुछ हिस्सों में थोड़े समय के लिए बहुत हल्की बारिश हो हुई है। वहीं, आने वाले अगले 6-7 दिनों तक मौसम की ऐसी ही स्थिति रहने की उम्मीद है।

मुंबई से मानसून की वापसी का समय और प्रक्रिया: मुंबई से मानसून की वापसी का समय 06 अक्टूबर के आसपास है। हालांकि, विभिन्न भागों से मानसून की वापसी का सिलसिला एक समान और निरंतर नहीं होता है। दो आस-पास के क्षेत्रों में मानसून वापसी में लंबा अंतर होता है, जो सामान्य है। पूरे मानसून वापसी की पूरी प्रक्रिया को पूरा होने में लगभग एक महीने का समय लगता है। मानसून धारा का पीछे हटना तब पूर्ण माना जाता है, जब वापसी रेखा प्रायद्वीपीय भारत(दक्षिण भारत) पर 15°N तक पहुँच जाती है। यह वह समय होता है जब पूर्वोत्तर मानसून के प्रवेश के संकेत मिलने लगते हैं, जो आमतौर पर 20 से 25 अक्टूबर के बीच आता है।

गुजरात और राजस्थान में बारिश समाप्त: मुंबई के उत्तर में गुजरात और राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम गतिविधियां लगभग बंद हो चुकी हैं। इस क्षेत्र में एंटी-साइक्लोनिक प्रवाह प्रभावी होता जा रहा है। हालांकि, दक्षिण भारत में अभी मानसून की बारिश समाप्त नहीं हुई है। दक्षिण-पूर्व और उससे सटे मध्य अरब सागर में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश और उत्तर तमिलनाडु के तटों के पास एक और परिसंचरण बनने की संभावना है। दक्षिण भारत के मध्य हिस्सों में भी कुछ छोटे परिसंचरण बन सकते हैं। साथ ही तटरेखा के साथ एक कमजोर ट्रफ केरल से लेकर कोंकण तक फैला हुआ है, जिसमें तटीय कर्नाटक और गोवा भी शामिल हैं।

दक्षिण भारत में बढ़ेगी बारिश: इन परिस्थितियों के कारण दक्षिण प्रायद्वीप(दक्षिण भारत) में सामान्य रूप से और विशेष रूप से पश्चिमी तट पर मौसम गतिविधियां बढ़ जाएंगी। कोंकण क्षेत्र अगले एक सप्ताह तक सक्रिय रहेगा। मुंबई इस गतिविधि के उत्तरी हिस्से में रहेगा। हल्की बारिश के साथ कुछ मौकों पर मध्यम बारिश भी हो सकती है। इससे मुंबई से मानसून की विदाई होने में देरी होगी। वित्तीय राजधानी से दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले एक सप्ताह या उससे अधिक समय तक हटने(विदाई) की संभावना नहीं है।

OTHER LATEST STORIES