[Hindi] अगस्त की बदकिस्मती खत्म, कल रिकार्ड हुई औसत से अधिक बारिश

August 19, 2021 1:40 PM | Skymet Weather Team

अगस्त के महीने में आखिरकार कल समाम्न्य से अधिक दैनिक वर्षा दर्ज की गई। 18 अगस्त को पूरे भारत में 8.0 मिमी के दैनिक सामान्य के मुकाबले 8.6 मिमी की वर्षा दर्ज की गई थी। 01 से 17 अगस्त तक, दैनिक आंकड़े लगातार सामान्य से नीचे बने हुए थे। वहीँ 01 से 18 अगस्त के बीच सामान्य बारिश 159.9 मिमी की तुलना में कुल सिर्फ 110.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जिसके परिणामस्वरूप 31% की भारी कमी दर्ज की गई। 11 और 16 अगस्त के बीच वर्षा का रिकॉर्ड सबसे खराब था। उस दौरान यह कमी 40% से अधिक थी। रिकॉर्ड के अनुसार यह सबसे खराब अगस्त रहा है और अगर इस महीने के शेष दिनों में पर्याप्त वर्षा नहीं हुई तो यह आंकड़े और अधिक निचे पहुँच जायेंगे।

अगस्त का पहला निम्न दबाव क्षेत्र पहले ओडिशा तट को पार कर गया था और अब इसे छत्तीसगढ़ और आस-पास के इलाकों पर चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के रूप में चिह्नित किया गया है। यह मौसमी सिस्टम कल मध्य मध्य प्रदेश और अगले 24 घंटों में उत्तर मध्य प्रदेश में चला जाएगा। ये मौसमी स्थितियां मानसून को लगभग सामान्य स्थिति में बनाए रखने में मदद करेंगी। अगले 72 घंटों में देश के पूर्वी और मध्य भागों में व्यापक रूप से वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां हो सकती हैं। इसके बाद, वर्षा की गतिविधि गंगा के मैदानी इलाकों और दक्षिण प्रायद्वीप के कुछ आंतरिक भागों में अधिक केंद्रित होगी। वहीं 22 अगस्त तक दैनिक आधार पर सामान्य या सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है और बाद में इसमें कमी आ सकती है।

स्काइमेट के मौसम विज्ञानियों के अनुसार, 27-28 अगस्त को दक्षिण ओडिशा और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश से दूर बंगाल की खाड़ी के भागों पर एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र या संभवतः एक नया निम्न दबाव बनने की संभावना है। हालांकि, यह मौसमी सिस्टम अपेक्षाकृत हल्का होगा लेकिन फिर भी इस दौरान, देश के दक्षिणी और मध्य भागों में मानसून की बारिश दिखने के आसार हैं। अगस्त के महीने में बारिश के आंकड़ों में कोई विशेष सुधार होने की उम्मीद नहीं है। हालांकि, एक के बाद एक होने वाली बारिश की गतिविधियां अगस्त महीने को खराब मानसून का मुख्य महीना बनने से से बचा सकती है।

OTHER LATEST STORIES