[Hindi] जोधपुर, बीकानेर, अलवर सहित राजस्थान में कल से बारिश का नया एपिसोड होगा शुरू

November 24, 2019 2:39 PM | Skymet Weather Team

राजस्थान में फिर से बारिश के लिए मौसम अनुकूल बन रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही राज्य के कुछ इलाकों में बादलों की गर्जना के साथ बारिश का नजारा दिखेगा। स्काईमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार एक नया और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान पर पहुंचा है, जो जल्द ही जम्मू-कश्मीर के करीब आ जाएगा। इसके प्रभाव से एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र राजस्थान के उत्तरी हिस्सों पर विकसित होगा। इसके साथ ही एक ट्रफ भी पश्चिमी राजस्थान से पाकिस्तान तक बनेगी।

इन सभी सिस्टमों के संयुक्त प्रभाव से अनुमान लगाया जा रहा है कि राजस्थान में कल यानी 25 नवंबर की दोपहर या शाम से मौसम बदल सकता है। खासकर उत्तरी और पूर्वी जिलों में इस दौरान बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैंं। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और बादलों की गर्जना होने की संभावना है। अनुमान लगाया जा रहा है कि बारिश होगी शुरुआत हनुमानगढ़ और अलवर तथा आसपास के इलाकों से होगी। उसके बाद धीरे-धीरे अन्य उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों सहित जोधपुर, बीकानेर और फलोदी में भी बारिश होने की संभावना है।
बारिश की यह गतिविधियां अगले 3 दिनों तक बनी रहेंगी। 26 नवंबर को बारिश की तीव्रता सबसे अधिक होने की संभावना है। इस दौरान राजस्थान के उत्तरी हिस्सों में जिस समय बारिश होगी उसी समय दिन में ठंडी हवाएं चलेंगी, जिसके कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है।

इससे पहले बीते 24 घंटों से राजस्थान में मौसम शुष्क बना हुआ है, क्योंकि राजस्थान पर विपरीत चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय था। आज राज्य के मौसम में किसी खास तब्दीली की संभावना नहीं है। अधिकांश समय मौसम साफ और शुष्क रहेगा। बदलाव कल दोपहर या शाम से देखने को मिलेगा।

Image Credit: Amar Ujala

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

OTHER LATEST STORIES