शुरुआत करते हैं देश के पूर्वी भागों से जहां विदाई से पहले मॉनसून कहर बन कर बरस रहा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में कई इलाके ऐसे हैं जहां प्रलय जैसे हालात बन गए हैं। पूर्वी भारत में घने मॉनसून बादल छाए रह सकते हैं, क्योंकि बिहार और इससे सटे भागों पर सर्कुलेशन अभी भी सक्रिय है। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार तक बारिश में अब कमी आने की संभावना है। यानि राहत मिलने वाली है।
लेकिन पटना और वाराणसी सहित बाढ़ प्रभावित इन दोनों राज्यों में हल्की से मध्यम वर्षा अभी भी आपको मुसीबत लग सकती है। खासकर बिहार के अररिया, कटिहार, पुर्णिया, भागलपुर जैसे पूर्वी भागों में बारिश तेज़ भी हो सकती है। झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओड़ीशा में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। अब पूर्वोत्तर भारत में बारिश बढ़ने वाली है।
मध्य भारत में गुजरात पर बना निम्न दबाव अब कभी भी डिप्रेशन बन सकता है। इसके चलते गुजरात के अधिकांश इलाकों और इससे सटे दक्षिण-पूर्वी राजस्थान तथा दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश में ना सिर्फ मध्यम से भारी बारिश के आसार हैं बल्कि तूफानी हवाएँ भी चल सकती हैं। गुजरात के तटों पर समुद्र में हलचल काफी अधिक होगी।
Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across India
मध्य प्रदेश के शेष इलाकों, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अधिकांश इलाकों में हल्की वर्षा हो सकती है। मुंबई सहित महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में मौसम गर्म होगा। बारिश के आसार कम हैं। हालांकि मुंबई में हल्की वर्षा हो सकती है। उत्तर भारत में जम्मू कश्मीर से होकर एक पश्चिमी विक्षोभ आगे जा रहा है। इसके प्रभाव से उत्तरी राजस्थान पर एक चक्रवाती क्षेत्र बना है। इससे उम्मीद है कि जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की उम्मीद है। उत्तराखंड और इससे सटे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में मध्यम बारिश हो सकती है।
पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी राजस्थान में हल्की वर्षा के आसार हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में जैसे पिछले कुछ दिनों से बादल बन रहे हैं, ऐसे ही बादल 30 सितंबर को भी रह सकते हैं। बारिश एक-दो बार अचानक झोंके की तरह आ सकती है। हालांकि इसकी संभावना बहुत ज़्यादा नहीं है।
दक्षिण भारत में बारिश बढ़ सकती है। दक्षिण भारत के तटों पर कोमोरिन के पास बने सर्कुलेशन के कारण केरल, तमिलनाडु और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। जबकि रायलसीमा में शुष्क मौसम की संभावना है। उत्तरी तेलंगाना और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है।
Any information taken from here should be credited to skymetweather.com