19 सितम्बर का मौसम पूर्वानुमान: मुंबई, नाशिक व हैदराबाद में अच्छी बारिश, मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश में भी वर्षा के आसार

September 18, 2019 7:06 PM | Skymet Weather Team

मध्य प्रदेश पर बने मॉनसून सिस्टम अब कमजोर हो गए हैं। लेकिन मध्य महाराष्ट्र पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय है और एक ट्रफ अरब सागर से तेलंगाना तक विकसित हो गई है। इन सिस्टमों के कारण अब महाराष्ट्र मॉनसून के निशाने पर है। उत्तरी मध्य महाराष्ट्र और कोंकण गोवा क्षेत्र में मध्यम से भारी बारिश देखने को मिल सकती है। विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। एक-दो जगह भारी बारिश भी संभव है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ और दक्षिणी गुजरात में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बौछारें गिर सकती हैं।

मुंबई पर मॉनसून जमकर बारिश दे सकता है। आर्थिक राजधानी मुंबई में कुछ स्थानों पर जल भराव के कारण ट्रेफिक जाम की समस्या हो सकती है। मुंबई के अलावा नाशिक, पुणे, मालेगाँव, नागपुर और अकोला सहित महाराष्ट्र के अन्य शहरों में भी अच्छी बारिश की उम्मीद है।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across India

दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अच्छी बारिश की संभावना है। साथ ही तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भी बारिश बढ़ जाएगी। हैदराबाद, चेन्नई और बंगलुरु सहित दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, केरल, रायलसीमा में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अंडमान व निकोबार में भारी बारिश के आसार हैं। मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गई है।

पूर्वी भारत में बंगाल की खाड़ी से आर्द्र हवाओं का प्रवाह बना हुआ है। पूर्वोत्तर राज्यों से लेकर पश्चिम बंगाल, ओड़ीशा, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

उत्तर भारत में कोई प्रभावी मौसमी सिस्टम नहीं है जिससे यहाँ बारिश के आसार ना तो पंजाब में दिखाई दे रहे हैं और ना ही हरियाणा तथा राजस्थान में। हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब के जालंधर और पठानकोट में एक-दो जगहों पर बारिश का मौसम बन सकता है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

OTHER LATEST STORIES