13 सितम्बर का मौसम पूर्वानुमान: मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के अलावा पूर्वी भारत पर मेहरबान मॉनसून

September 12, 2019 6:14 PM | Skymet Weather Team

मध्य भारत पर मॉनसून की हलचल में धीरे-धीरे कमी आ रही है क्योंकि मॉनसून के वापस लौटने का माहौल धीरे-धीरे बनने लगा है। हालांकि अभी भी मध्य भारत के कुछ हिस्सों पर रुक-रुक कर बारिश जारी है क्योंकि दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है और यहाँ से दक्षिणी गुजरात तक एक ट्रफ बन गई है।

हमारा अनुमान है कि 13 सितंबर को भी मध्य प्रदेश के कई भागों में वर्षा हो सकती है। एक-दो स्थानों पर अच्छी बारिश की भी उम्मीद है।

दूसरी ओर दक्षिणी गुजरात और कोंकण गोवा के कुछ हिस्सों में अच्छी वर्षा के आसार हैं। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और विदर्भ के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। जबकि मध्य महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में छिटपुट बारिश की संभावना है।

मॉनसून ने अपने आखिरी चरण में आकर पूर्वी भारत के भागों पर कुछ मेहरबानी की है। मॉनसून ट्रफ इंडो-गैंगेटिक प्लेन्स और पूर्वोत्तर भारत में आ गई है।

इसके चलते अयोध्या, सुल्तानपुर, प्रयागराज, जौनपुर, वाराणसी, पटना, गया, सिलीगुड़ी सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई शहरों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।

दूसरी कोलकाता, रांची, जमशेदपुर, भुवनेश्वर सहित ओड़ीशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across India

दक्षिण भारत में भी कुछ इलाकों पर मॉनसून के सक्रिय रहने की संभावना है। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना के कुछ भागों और तटीय कर्नाटक में कुछ स्थानों पर अच्छी बारिश के आसार हैं।

आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु और केरल में मॉनसून में सुस्ती होगी। इन भागों में विशेष बारिश के आसार नहीं हैं। हालांकि एक-दो स्थानों पर अचानक मौसम बदल सकता है और हल्की वर्षा भी हो सकती है।

अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह में अच्छी बारिश जारी रहने की संभावना है।

उत्तर भारत में उम्मीद थी कि मॉनसून वापस जाने से पहले कुछ अच्छी वर्षा दे सकता है लेकिन ऐसा अब तक हुआ नहीं है। और ना ही आगे कोई उम्मीद दिखाई दे रही है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, उत्तरी और पश्चिमी राजस्थान, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हिमाचल, जम्मू कश्मीर और लद्दाख क्षेत्र में अगले 24 से 36 घंटों तक बारिश की संभावना फिलहाल नहीं है।

हालांकि उत्तराखंड में उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्रों से आर्द्र हवाओं का फ़्लो बना हुआ है जिससे यहाँ बारिश हो रही है और आगे भी होती रहेगी।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

OTHER LATEST STORIES