7 जनवरी का मौसम पूर्वानुमान: भारी हिमपात से पहाड़ों पर जन-जीवन होगा प्रभावित, मैदानी राज्यों में होगी वर्षा

January 6, 2020 6:13 PM | Skymet Weather Team

उत्तर भारत में पहाड़ों से लेकर मैदानों तक मौसम बदल गया है। सक्रिय डबल्यूडी कश्मीर पर है और सर्कुलेशन मध्य पाकिस्तान पर। अनुमान है कि 7 जनवरी को पहाड़ी राज्यों से लेकर मैदानी भागों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ जाएंगी। श्रीनगर, वैष्णो देवी, लेह, कारगिल, शिमला, मसूरी, नैनीताल, बद्रीनाथ समेत जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में अधिकांश स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, करनाल, यमुनानगर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फ़रीदाबाद, मेरठ, सहारनपुर, गाज़ियाबाद, सहित पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश हो सकती है। बदले मौसम के कारण इन सभी राज्यों में दिन का तापमान गिरेगा जिससे दिन की सर्दी बढ़ सकती है।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across India

मध्य भारत में भी कुछ इलाके बदले मौसम का अनुभव कर सकते हैं। खासकर पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में कुछ स्थानों पर गर्जना के साथ बारिश की संभावना है। भोपाल, रायपुर, नागपुर सहित इन भागों में कई शहरों पर बादल रहेंगे और बारिश भी हो सकती है। कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं। मुंबई समेत महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों, गुजरात और दक्षिणी राजस्थान में मौसम शुष्क बना रहेगा।

पूर्वी भारत में मौसम में असली बदलाव 8 जनवरी से दिखाई देगा। हालांकि लखनऊ, कानपुर और आसपास के भागों में 7 जनवरी की शाम से ही हल्की बारिश शुरू हो जाएगी। बिहार और झारखंड में भी रात से गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में मौसम फिलहाल शुष्क होगा।दक्षिणी राज्यों में ज़्यादातर जगहों पर इस समय मौसम शुष्क है। खासकर कर्नाटक और केरल में। हालांकि तटीय आंध्र प्रदेश, उत्तरी तमिलनाडु और तेलंगाना के उत्तरी जिलों में कुछ स्थानों पर बादलों की गर्जना के साथ बारिश हो सकती है।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

OTHER LATEST STORIES