28 जनवरी का मौसम पूर्वानुमान: उत्तर भारत में पहाड़ों पर अच्छी बर्फबारी, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब में बारिश

January 27, 2020 7:29 PM|

उत्तर भारत में बदल गया है मौसम का हाल। पश्चिमी विक्षोभ अपने पूरे प्रभाव में आ गया है और इस समय जम्मू कश्मीर के करीब पहुँच गया है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन पंजाब और आसपास के क्षेत्रों पर है। साथ ही गंगा के मैदानी इलाकों पर एक ट्रफ भी बन गया है। अनुमान है कि जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अधिकांश स्थानों पर अच्छी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। मैदानी इलाकों में भी बारिश का मौसम बना हुआ है। पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान के कई शहरों में 28 जनवरी को गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भी कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं।

पूर्वी भारत में 28 जनवरी से मौसम बदलने की उम्मीद है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मंगलवार की शाम से हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ओडिशा और झारखंड में भी छिटपुट जगहों पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। कोलकाता और पटना सहित पश्चिम बंगाल और बिहार का मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। बांग्लादेश और मेघालय पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के प्रभाव से असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश देखने को मिलेगी।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across IndiaRain in India

देश के मध्य भागों में भी हवाएँ बदल गई हैं। कुछ हिस्सों में मौसम भी करवट लेने वाला है। पूर्वी उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ तक एक ट्रफ बना है जो छत्तीसगढ़ और उत्तरी मध्य प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दे सकता है। मुंबई, सूरत समेत दक्षिणी गुजरात और उत्तरी कोंकण व गोवा में बादल छाएंगे। गर्जना भी होगी और एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या बूँदाबाँदी होने की संभावना है। दक्षिणी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा।

दक्षिण में अभी भी कोई सक्रिय मौसमी सिस्टम नहीं है जिससे चेन्नई, हैदराबाद और बेंगलुरु समेत देश के दक्षिणी राज्यों में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि तटीय आंध्र प्रदेश और तटीय कर्नाटक में एक-दो स्थानों पर बारिश की संभावना है। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में रात का तापमान बढ़ेगा।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

Similar Articles