23 जनवरी का मौसम पूर्वानुमान: पहाड़ों से आएंगी बर्फीली हवाएँ, उत्तर, पूर्वी और मध्य भारत में गिरेगा पारा

January 22, 2020 7:11 PM|

उत्तर भारत में सर्दियों की लगातार बारिश का दौर फिलहाल खत्म हो गया है। ज़्यादातर जगहों पर मौसम शुष्क रहेगा। पहाड़ों पर भी बदला है मौसम का मिजाज। इसके चलते ठंडी और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएँ मैदानी इलाकों में कल भी चलती रहेंगी जिससे न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट और हो सकती है। यानि सर्दी अभी खतम नहीं हुई है। हवाओं के कारण कोहरे से भी निज़ात मिलेगी। ट्रैफिक प्रभावित नहीं होगा। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। दिल्ली प्रदूषण में सुधार की संभावना है। कश्मीर, हिमाचल, लद्दाख और उत्तराखंड में छिटपुट वर्षा या बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी। आपको बता दें कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, जो 24 जनवरी की रात से अपना प्रभाव दिखाएगा।

उत्तर के पहाड़ों से होकर चलने वाली बर्फीली हवाएँ पूर्वी भारत को भी प्रभावित करेंगी। इससे पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी रात के तापमान में कमी होने के आसार हैं। पूर्वी असम पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के चलते उम्मीद है कि अरुणाचल प्रदेश में बारिश और हिमपात कहीं-कहीं होगी तो असम और नागालैंड में छिटपुट वर्षा की भी संभावना है।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across IndiaRain in India

इस बीच पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में जारी बारिश की गतिविधियां अब थम जाएगी। मौसम साफ हो जाएगा। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और पश्चिमी मध्य प्रदेश में पहले से मौसम शुष्क बना हुआ है। कोटा, उदयपुर, सूरत, इंदौर, भोपाल, जबलपुर, रायपुर, वर्धा, नाशिक समेत मध्य भारत के शहरों में भी ठंडी हवाओं का कुछ असर दिखेगा जिससे न्यूनतम तापमान में कमी की उम्मीद कर सकते हैं।

दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश के पास एक एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। यह सिस्टम ज़्यादातर हिस्सों में कोई भी मौसमी हलचल नहीं होने देगा। हालांकि तमिलनाडु के अक्षिणी तटीय शहरों में एक-दो स्थानों पर 23 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। केरल, कर्नाटक और तेलंगाना समेत बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

Similar Articles