10 जनवरी का मौसम पूर्वानुमान: दिल्ली समेत उत्तर भारत में शीतलहर की वापसी, पूर्वी राज्यों में भी गिरेगा पारा

January 9, 2020 6:57 PM | Skymet Weather Team

उत्तर भारत में बारिश देने के बाद पश्चिमी विक्षोभ अब आगे निकल गया है। साथ ही मैदानी इलाकों पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी निष्प्रभावी हो गया है। इससे कश्मीर से लेकर दिल्ली और उत्तर प्रदेश तक अब मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम साफ होने के बाद कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ों पर हुई बर्फबारी की ठंडक हवाओं के साथ मैदानी इलाकों तक पहुंचनी शुरू हो गई है जिससे देश के उत्तरी शहरों में पहले से सर्दी बढ़ गई है।

इन सर्द हवाओं के कारण पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अगले दो दिन न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी। हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के कुछ शहरों में शीतलहर शुरू हो सकती है जबकि पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में एक-दो स्थानों पर कोल्ड डे की स्थिति रहने की उम्मीद है।

मध्य भारत में भी बारिश में कमी आ गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अब मौसम शुष्क हो जाएगा। मध्य भारत के बाकी हिस्सों में पहले से ही मौसम साफ बना हुआ है। पहाड़ों से होकर जो हवाएँ पंजाब, हरियाणा को पार करते हुए दक्षिणी राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में पहुँच रही हैं। इन हवाओं के चलते सूरत, अहमदाबाद, उदयपुर, इंदौर, नासिक, नागपुर, भोपाल समेत कई शहरों में तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। जिससे कई हिस्सों में ठंड बढ़ सकती है।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across India

पूर्वी भारत की बात करें, तो देश के पूर्वी हिस्सों में भी बारिश बंद हो जाएगी। अब पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में सर्द हवाओं का कमाल दिखेगा। रात का तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस गिर सकता है। जबकि दिन में पारा कुछ ऊपर जाएगा। दूसरी ओर असम पर बने सकुलेशन के कारण पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में हल्की बारिश जारी रह सकती है।

दक्षिण भारत में पहले से ही मौसमी गतिविधियां कम हो रही हैं। इस बीच तेलंगाना पर एक एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन गया है जिससे चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद समेत समूचे दक्षिण भारत में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

OTHER LATEST STORIES