20 सितम्बर के लिए मौसम पूर्वानुमान: मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार में बारिश जबकि दिल्ली में शुष्क होगा मौसम

September 19, 2017 5:28 PM|

 

उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू कश्मीर पर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है और मॉनसून की अक्षीय रेखा पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश होकर गुज़र रही है। यह मौसमी सिस्टम अभी भी निष्प्रभावी हैं। जिसके चलते जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में मौसम शुष्क बना रहेगा।

दूसरी ओर मध्य भारत मौसमी गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है। उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और इससे सटे भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय है। इसके चलते छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

विदर्भ और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में भी कुछ स्थानों पर मध्यम बौछारें दर्ज की जा सकती हैं।

पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बंगाल की खाड़ी से मध्यम हवाएँ लगातार बनी हुई हैं। इसके प्रभाव से मौसम सक्रिय है और पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

[yuzo_related]

गंगीय पश्चिम बंगाल और ओड़ीशा में एक-दो स्थानों पर मध्यम बारिश के आसार हैं जबकि असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।

दक्षिण भारत का रुख करें तो यहाँ पश्चिमी तटों पर जारी भीषण मॉनसून वर्षा में धीरे-धीरे कमी आएगी। हालांकि बुधवार को भी कोंकण गोवा, दक्षिणी मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तटीय कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है।

Live status of Lightning and thunderGujarat

केरल और आंतरिक कर्नाटक में हल्की मॉनसून वर्षा हो सकती है लेकिन तमिलनाडु, रायलसीमा और तेलंगाना में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा।

प्रमुख शहरों में मुंबई और कोलकाता में जहां अच्छी बारिश होगी वहीं चेन्नई, हैदराबाद, बंगलुरु और दिल्ली में मौसम शुष्क रहेगा।

 

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

Similar Articles